
Chhattisgarh Job Fair: 174 पदों पर होगी भर्ती(photo-patrika)
Chhattisgarh Job Fair: नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव और दुर्ग जिले में शनिवार को प्लेसमेंट कैंप और रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान 235 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। 10वीं, 12वीं, आईटीआई और स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को निजी कंपनियों में रोजगार पाने का अवसर मिलेगा।
राजनांदगांव में टाटा मोटर्स और डेल्फिंगन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सहित विभिन्न कंपनियां भर्ती करेंगी, जबकि दुर्ग में टेक्नोटॉस्क बिजनेस सॉल्यूशन और मुथूट माइक्रोफाइनेंस लिमिटेड विभिन्न पदों के लिए उम्मीदवारों का चयन करेंगी। इच्छुक अभ्यर्थियों को सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर निर्धारित समय पर पहुंचना होगा।
शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) राजनांदगांव में शनिवार सुबह 9 बजे से प्लेसमेंट कैंप आयोजित किया जाएगा। इस कैंप में टाटा मोटर्स (गुजरात) और डेल्फिंगन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (चेन्नई) सहित विभिन्न कंपनियों के लिए भर्ती की जाएगी। कैंप में शासकीय एवं निजी आईटीआई से उत्तीर्ण अभ्यर्थी, प्रशिक्षण सत्र 2022-24 और 2023-24 के प्रशिक्षणरत विद्यार्थी, 12वीं और स्नातक उत्तीर्ण महिला एवं पुरुष उम्मीदवार भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 32 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है।
प्लेसमेंट कैंप में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को अपने साथ 10वीं की अंकसूची, आईटीआई प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), आधार कार्ड, पैन कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटो तथा अन्य आवश्यक शैक्षणिक दस्तावेज लेकर पहुंचना होगा।
वहीं, दुर्ग जिला रोजगार कार्यालय में शनिवार सुबह 10:30 बजे से रोजगार मेले का आयोजन होगा। यहां टेक्नोटॉस्क बिजनेस सॉल्यूशन के 200 पद और मुथूट माइक्रोफाइनेंस लिमिटेड के 35 पद, यानी कुल 235 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए 8,000 रुपये से 20,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन निर्धारित किया गया है। 10वीं, 12वीं और किसी भी विषय से स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी इसमें भाग ले सकते हैं।
दुर्ग रोजगार मेले में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को अपने मूल शैक्षणिक प्रमाणपत्र, अंकसूची, पहचान पत्र (आधार, मतदाता पहचान पत्र, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या राशन कार्ड), रोजगार कार्यालय का पंजीयन पत्र, छत्तीसगढ़ निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र तथा सभी दस्तावेजों की छायाप्रति साथ लानी होगी।
Updated on:
04 Jul 2026 12:15 pm
Published on:
04 Jul 2026 12:04 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
