राजधानी में ड्रग्स (एमडीएमए) सप्लाई करने वालों का बड़ा नेटवर्क है। आरोपियों द्वारा बनाए गए वाट्सऐप ग्रुप की पुलिस जांच कर रही है। इसमें ग्राहक के रूप में कई युवक-युवतियों के मोबाइल नंबर और पेटीएम नंबर मिले हैं। इन लोगों की जानकारी ली जा रही है। दूसरी ओर दिल्ली से ड्रग्स रायपुर भेजने वाले सरगना महेश सिंह खड़गा का राजधानी के एक सिपाही से अच्छी दोस्ती है। रायपुर में दोनों रूम पार्टनर भी रह चुके हैं। सिपाही जब दिल्ली जाता था, तो महेश के साथ ही ठहरता था। दोनों की एक पिंटू नाम के युवक से भी दोस्ती है। पिंटू के खिलाफ पीटा एक्ट का मामला भी है, जिसमें उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई थी। सूत्रों के मुताबिक महेश, पिंटू और सिपाही कई बार रायपुर में एक साथ देखे जा चुके हैं। ड्रग्स रैकेट से जुड़े महेश और सिपाही के संबंधों का खुलासा होने के बाद विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।