18 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कांग्रेस नेता शशि थरूर ने किया HNLU छात्रों के हड़ताल का समर्थन, ट्वीट कर कही ये बात

हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में जारी गतिरोध गहराता जा रहा है। कांग्रेस नेता शशि थरूर ने भी स्टूडेंट के विरोध का समर्थन किया है। उन्होंने ट्वीट कर इसे गंभीर मुद्दा बताया है।

2 min read
Google source verification
HNLU Protest

कांग्रेस नेता शशि थरूर ने HNLU छात्रों के हड़ताल को किया समर्थन, ट्वीट कर कही ये बात

रायपुर. हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में जारी गतिरोध गहराता जा रहा है। कांग्रेस नेता शशि थरूर ने भी स्टूडेंट के विरोध का समर्थन किया है। उन्होंने ट्वीट कर इसे गंभीर मुद्दा बताया है। उन्होंने ट्वीट में कहा कि आशा करता हूं कि केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावेडकर हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के स्टूडेंट्स की मांगों पर ध्यान देंगे। कानून के छात्रों का हड़ताल पर जाना दुर्लभ है। उनकी मांगों पर ध्यान देने की जरूरत है।

इससे पहले स्टेट बार काउंसिल ने भी छात्रों की मांगों का समर्थन किया है। उधर, छात्रों और कर्मचारियों के हस्ताक्षरित अविश्वास प्रस्ताव सौंपने के बावजूद कुलपति सुखपाल सिंह इस्तीफे से इंकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि कुलपति पद पर बने रहना या छोडऩा छात्रों की मर्जी से परे है।

स्टेट बार काउंसिल ने छात्रों को अपना समर्थन दिया है। समर्थन पत्र में काउंसिल ने पिछले कई वर्षों से विवि के विवादों से घिरे होने को लेकर कुलपति को उत्तरदायी ठहराते हुए उनके निलंबन में समर्थन दिया है। इसी बीच छात्रों का निरंतर विरोध प्रदर्शन जारी है। बीते 25 सितंबर की शाम से सभी कुलपति के निलंबन सहित यौन उत्पीडऩ और वित्तीय अनियमितताओं में घिरे आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इसी कड़ी में छात्रों ने हाइकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से मिलने के लिए समय मांगा है, जिसके लिए प्रतिनिधिमंडल को शनिवार का समय दिया गया है। इसके साथ ही गुरुवार को खाद्य विभाग की टीम ने भी मेस में छापा मार कार्रवाई की है।

पत्रिका की खबर के बाद लिए गए सैंपल
एचएनएलयू में जारी छात्रों और प्रबंधन के बीच जारी गतिरोध के संदर्भ में पत्रिका पूरी तटस्थता से लगा हुआ है। वहीं, छात्र-छात्राओं को हॉस्टल में मेस के खाने में गंदगी को लेकर गुरुवार को खबर प्रकाशित की गई थी। जिसे देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने सहायक आयुक्त अश्वनी देवांगन के नेतृत्व में मेस का निरीक्षण किया, जहां गंदगी के साथ खाने में भी खराबी देखने को मिली। इस पर टीम ने लौकी की सब्जी और दाल तड़का के सैंपल जांच के लिए जब्त किए हैं।

आज से बैठेंगे भूख हड़ताल पर
छात्रों ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद कुलपति के पदभार ग्रहण करने के बाद से ही विरोध शुरू कर दिया है। वहीं, कुलपति अपने पद पर बने रहने पर अड़े हुए हैं। ऐसे में छात्रों ने बुधवार को अंतिम अल्टीमेटम के तौर पर 28 अगस्त शाम 6 बजे तक का समय दिया था, जिसके बाद वे आज शाम से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर जाएंगे।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त अश्वनी देवांगन ने कहा कि एचएनएलयू हॉस्टल के मेस में निरीक्षण किया गया है, जहां से लौकी की सब्जी और दाल तड़का जब्त किया गया है।