रायपुर. राजधानी के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में 24 घंटे में 4 लोगों के कोरोना वायरस की सैंपल जांच हुई हैं, जिसमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। गुरुवार देर रात दंतेवाड़ा के एक संदिग्ध का सैंपल जांच के लिए आया था। वहीं, शुक्रवार को हेल्थ डायरेक्टर नीरज बंसोड़ के निर्देश पर इटली व स्पेन की यात्रा से लौटे इंडियन रेवन्यू सर्विसेस के तीन अधिकारी जांच के लिए पहुंचे थे। तीनों अधिकारियों की स्क्रीनिंग के बाद सैंपल लिया गया था। दुर्ग और राजनांदगांव से एक-एक संदिग्ध मिले हैं, जिनका सैंपल एम्स भेजने की तैयारी की जा रही है। बता दें कि गुरुवार से एम्स में कोरोना वायरस के सैंपल की जांच शुरू हुई है।