
इंतजार खत्म, इस तारिख से मिलेंगे मुफ्त स्मार्टफोन, इन क्षेत्रों में सबसे पहले होगा वितरण
रायपुर. राज्य सरकार ने संचार क्रांति योजना के तहत बांटे जाने वाले मुफ्त स्मार्ट मोबाइल फोन वितरण की तिथि जारी कर दी है। पहले चरण में शहरी क्षेत्र के पात्र हितग्राहियों को 30 जुलाई से 17 अगस्त तक स्मार्ट फोन का वितरण होगा।
इसका दूसरा चरण 17 अगस्त से 22 सितम्बर तक चलेगा। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्र के पात्र हितग्राहियों को स्मार्ट फोन दिया जाएगा। सभी जिलों के वितरण केंद्र की व्यवस्था तय करने को कहा गया है। वितरण केंद्रों की जानकारी वितरण तिथि से 10 पहले देने को कहा गया है। इस योजना के तहत 45 लाख महिलाओं और 5 लाख युवाओं को मुफ्ट स्मार्ट मोबाइल फोन दिया जाना है। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा, मेरे 14 वर्ष के कार्यकाल में अब तक की सबसे महत्वपूर्ण योजना है। इसके जरिए राज्य सरकार यह तय करेगी कि प्रदेश के हर नागरिक को सूचना सेवा और पारदर्शी सुशासन का अधिकार मिले।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह देश की पहली ऐसी योजना है, जो महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण के लिए शुरू की गई है, लेकिन इसका व्यापक लाभ आम जनता को मिलेगा। उन्होंने कहा, लगभग 1500 मोबाइल टॉवरों की स्थापना से राज्य में मोबाइल फोन के लिए नेटवर्क का व्यापक विस्तार होगा।
‘गोठ’ मोबाइल एेप में शासन के लगभग सभी हेल्पलाइन नम्बरों की जानकारी रहेगी, इससे आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा 108, महतारी एक्सप्रेस सेवा 102 सहित राशन व्यवस्था से संबंधित टोल-फ्री हेल्पलाइन, पुलिस की हेल्पलाइन आदि का उपयोग भी जरूरतमंद लोग आसानी से कर सकेंगे।
योजना में सामाजिक-आर्थिक जनगणना 2011 के अंतर्गत शामिल सभी गरीब ग्रामीण और शहरी परिवारों की महिलाओं के साथ कॉलेज स्तर के विद्यार्थियों को मोबाइल स्मार्ट फोन का वितरण किया जाएगा। इसमें हर माह १ जीबी डेटा और 100 कॉलिंग मिनट्स की नि:शुल्क सुविधा मिलेगी। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक अपने निकटतम ग्राम पंचायत अथवा जनपद कार्यालय से सम्पर्क कर सकते हैं।
फोन में ‘गोठ’ के नाम से एक मोबाइल एप्लीकेशन भी दिया जाएगा। केंद्र और राज्य की योजनाओं की जानकारी एक क्लिक में मिलेगी। इसके अलावा खेती-किसानी, कौशल विकास, रोजगार, शिक्षा और स्व-सहायता समूहों से संबंधित योजनाओं का विवरण भी मिलेगा। ‘गोठ’ एेप में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति तथा घर-परिवार पर आधारित कार्यक्रम भी देखे जा सकेंगे।
Updated on:
28 Jul 2018, 6:00 PM IST
Published on:
23 Jul 2018, 9:19 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.