
Hadh Kar Di Aapne: ताबीर हुसैन. बॉलीवुड फिल्म 'हद कर दी आपने' को रिलीज हुए 25 साल पूरे हो गए हैं। इस अवसर पर फिल्म के लेखक सतीश जैन ने अपने संस्मरण साझा किए और बताया कि कैसे स्विट्जरलैंड में महंगे ड्राइवरों की वजह से फिल्म के प्रोड्यूसरों को खुद ही कार चलानी पड़ी। गोविंदा और रानी मुखर्जी की अभिनय से सजी इस फिल्म का लेखन रायपुर के सतीश जैन ने किया था। फिल्म 14 अप्रैल 2000 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।
जैन ने बताया, फिल्म की शूटिंग के दौरान प्रोड्यूसर चाहते थे कि पूरी फिल्म फॉरेन में शूट की जाए। राइटर होने के नाते मुझे भी शूटिंग लोकेशन्स का हिस्सा बनकर स्विट्जरलैंड और ऑस्ट्रेलिया जाना पड़ा। 25 दिन स्विट्जरलैंड में और 15 दिन ऑस्ट्रेलिया में शूटिंग की। वहां की स्थिति कुछ अलग थी, क्योंकि गाड़ियां सस्ती थीं, लेकिन ड्राइवर महंगे थे। इसलिए प्रोड्यूसर ने खुद ही गाड़ी चलाने का निर्णय लिया था। मैं उन्हें नक्शे से रास्ता बताता था।
फिल्म के शूटिंग के दौरान एक दिलचस्प घटना भी घटी, जो अब तक सतीश जैन की यादों का हिस्सा बनी हुई है। जैन बताते हैं, हमने एक दिन गलती से फ्री लेन में गाड़ी चला दी। वहां एक गाड़ी हमारे पीछे थी, लेकिन उसने हॉर्न नहीं बजाया। बाद में हमें एहसास हुआ कि वहां हॉर्न बजाना असभ्यता की निशानी मानी जाती है, इसलिए उसने हमें किसी प्रकार से सचेत करने के लिए हॉर्न नहीं बजाया। सतीश जैन ने अपने अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि उस समय का माहौल आज भी उनकी यादों में ताजा है और यह अनुभव फिल्म इंडस्ट्री के एक अभिन्न हिस्से के रूप में उनके जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बना हुआ है।
Updated on:
14 Apr 2025, 5:27 PM IST
Published on:
14 Apr 2025, 4:51 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.