
बारिश के कोहराम से 33 साल पुराना बांध टूटा, बाढ़ की आशंका से गांवों में अलर्ट जारी
रायपुर. राजधानी समेत पूरे प्रदेश में मंगलवार को भी अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी तो कहीं-कहीं अतिभारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने बुधवार को भी प्रदेश में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
प्रदेश में मंगलवार को सबसे अधिक बारिश रायपुर जिले के आरंग में 168.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। रायपुर में मंगलवार को दिन में कुल 62.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। कांकेर जिले के चारामा ब्लॉक का 33 साल पुराना मैनखेड़ा बांध के सोमवार देर रात टूट जाने से कई एकड़ फसल चौपट हो गई। सात सौ एकड़ सिंचाई क्षमता वाले इस बांध की मरम्मत के लिए आया 2.22 करोड़ का उपयोग समय रहते नहीं हो पाया। देर शाम से राहत एवं बचाव की टीम मैनखेड़ा गांव में डेरा डाले हुए है। प्रशासन ने जलाशय के आसपास के गांवों के लिए अलर्ट जारी कर दिया गया है। हालांकि किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह बाढ़ के हालातों से निपटने के लिए जल संसाधन विभाग, नगरीय प्रशासन विभाग और राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग को जरूरी निर्देश दिए हैं। निर्देश के मुताबिक, यदि कहीं भी जन-धन की हानि की कोई सूचना मिले तो प्रभावितों को हरसंभव मदद पहुंचाई जाए। अधिकारी यह तय करें कि जलमग्न पुल-पुलियों और एनीकटों में कोई यातायात न हो। इस बीच राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय और मुख्य सचिव अजय सिंह ने विभागीय अफसरों से राज्य में बाढ़ की स्थिति पर जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं।
चाराम के एसडीआे पी लकरा ने बताया कि यह बांध ३३ वर्ष पुराना है। बांध की मरम्मत के लिए बजट आया था, निविदा नहीं होने के कारण कार्य नहीं हो पाया है। सोमवार रात में बांध टूट गया है। बचाव कार्य में टीम लगी हुई है।
Updated on:
30 Aug 2018 12:05 pm
Published on:
29 Aug 2018 08:42 am
