
बंद रहेंगे मांस-मटन की दुकानें (Photo Patrika)
Raipur Meat Sales Ban: राजधानी रायपुर में सोमवार को कबीर जयंती के अवसर पर नगर निगम क्षेत्र में मांस-मटन की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। नगर निगम प्रशासन ने शासन के निर्देशों का पालन करते हुए सभी पशुवध गृहों और मांस-मटन की दुकानों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जब्ती और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम की ओर से जारी आदेश के अनुसार, महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है। यह आदेश छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के निर्देशों के अनुरूप लागू किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने नगर निगम क्षेत्र के सभी पशुवध गृहों, मीट शॉप और मांस-मटन विक्रेताओं को सोमवार को दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
महापौर मीनल चौबे ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यदि कबीर जयंती के दिन किसी होटल, रेस्टोरेंट या अन्य प्रतिष्ठान में मांस-मटन की बिक्री होती पाई जाती है तो तत्काल जब्ती की कार्रवाई की जाए। साथ ही संबंधित व्यक्ति, होटल संचालक या संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। नगर निगम की टीम दिनभर विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण करेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करेगी।
प्रशासन ने सभी व्यापारियों और होटल संचालकों से आदेश का पालन करने तथा धार्मिक अवसर की गरिमा बनाए रखने की अपील की है। नगर निगम ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं प्रतिबंध के बावजूद मांस-मटन की बिक्री होती दिखाई दे तो इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके।
सद्गुरु कबीर धर्मदास वंशावली सेवा समिति, नवयुवक मंडल, केडीवी मिशन एवं आमिन माता महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में सद्गुरु कबीर साहेब का 628वें प्राकट्य उत्सव के अवसर पर रविवार को अम्लेश्वर में चौका-आरती संपन्न हुई। सोमवार को कबीर जयंती पर राजधानी श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास में डूबी रहेगी। समिति ने जानकारी दी कि रविवार को सद्गुरु कबीरधाम, अम्लेश्वर में प्रथम बार कबीर पंथ के 16वें वंशाचार्य हुजूर उदितमुनि नाम साहेब के पावन सानिध्य में सात्विक यज्ञ, चौका-आरती एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
Updated on:
29 Jun 2026 11:22 am
Published on:
29 Jun 2026 11:22 am
