
Monsoon 2024:प्रदेश में रविवार व सोमवार को हुई व्यापक बारिश से अब केवल 24 फीसदी कम बारिश हुई है। जुलाई में होने वाली बारिश से जून में हुई कम बारिश का कोटा पूरा होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर छत्तीसगढ़ में आगामी तीन दिनों तक एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं मध्य व दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आ सकती है।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश में व्यापक बारिश हुई है। हालांकि राजधानी में हल्की बारिश हुई। पिछले 24 घंटे में यहां महज 5 मिमी बारिश हुई है। जबकि दर्री, पाली व कोरबा में 110 मिमी से ज्यादा बारिश हो गई। वहीं कटघोरा में 90, कोटा व वाड्रफनगर में 80, उसूर, राजपुर, लोरमी व बस्तर में 70, जगदलपुर, रतनपुर व करतला में 60 मिमी पानी बरस गया। बेलगहना, भानपुरी, दोरनापाल, देवभोग में 50 मिमी पानी गिरा। प्रदेश के कई स्थानों पर 10 से 40 मिमी पानी गिरा है।
तीन सिस्टम के असर से प्रदेश में व्यापक बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार दो ऊपरी हवा का चक्रवात व एक द्रोणिका बनी है, जो छत्तीसगढ़ में बारिश कराने में मदद कर रही है। राजधानी में सुबह से काले बादल छाए थे, लेकिन बारिश नहीं हुई। सुबह साढ़े 8 से शाम साढ़े 5 बजे तक महज एक मिमी पानी बरसा।
छत्तीसगढ़ में सरगुजा और बिलासपुर संभाग में अगले 3 दिनों में भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने आज सरगुजा, जशपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, रायगढ़ और कोरबा जिले के लिए हैवी रेन का यलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं, अगले 3 दिनों में रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग में हल्की बारिश होने के आसार हैं। प्रदेश के 3 जिलों बलौदा बाजार, बीजापुर और सुकमा में औसत से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। 14 जिलों में सामान्य बारिश और बाकी जिलों में औसत से कम बारिश हुई है।
काले बादल छाने व बारिश होने के बाद लोगों को उमस से बड़ी राहत मिली है। राजधानी में सोमवार का अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहा, जो सामान्य रहा। सुबह व शाम हवा में आर्द्रता की मात्रा 89-89 फीसदी थी।
इस कारण् हवा में नमी तो थी, लेकिन बादल व बारिश के कारण उमस कम हुई। सोमवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 32.3 डिग्री रिकार्ड किया गया। वहीं सबसे कम तापमान नारायणपुर में 20.3 डिग्री रहा। मंगलवार को राजधानी में बारिश होने की संभावना है। वहीं अधिकतम तापमान 31 व न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक असम, मेघालय, अरुणाचल, बिहार, बंगाल, सिक्किम, पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, यूपी, ओडिशा, एमपी, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण, गोवा, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र के कई इलाकों में 29 जून को भारी बारिश हुई।
Updated on:
3 Jul 2024, 8:09 AM IST
Published on:
2 Jul 2024, 12:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.