
Monsoon 2024: रायपुर में शनिवार को दिनभर रूक-रूककर फुहारें पड़तीं रहीं। शाम को तेज बारिश हुई, लेकिन यह कुछ देर हुई। रात में रूक-रूककर हल्की बारिश होती रही। दिनभर फुहारें पड़ने से दिन का अधिकतम तापमान 4 डिग्री गिर गया। इससे उमस कम हुई और लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी।
दिनभर फुहारें पड़ने व काले घने बादल छाने का असर ये हुआ कि दिन व रात के तापमान में महज 2.7 डिग्री का अंतर रहा। पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव नहीं हुआ और यह 26 डिग्री रहा। जबकि अधिकतम तापमान 32.5 से गिरकर 28.8 डिग्री पर आ गया। यह सामान्य से 4.3 डिग्री कम रहा। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में खास अंतर नहीं रहने के कारण उमस भी लगभग गायब हाे गई। सुबह हवा में आर्द्रता की मात्रा 92 तो शाम को 94 फीसदी रही। पिछले 24 घंटे में रायपुर में महज 4.3 मिमी पानी गिरा।
मौसम विभाग के अनुसार 30 जून को राजधानी में वर्षा हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र लालपुर के मौसम विज्ञानियों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बना है। यह धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है इसलिए 1 जुलाई से वर्षा की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे में सुहेला व बम्हनीडीह में तेज बारिश हुई और 9 सेमी बारिश रिकार्ड की गई। कोटा में 7, सारंगढ़ में 6, कोरबा, बरमकेला, सिमगा में 5, साेनाखान, गिधौरी, पलारी व बिलाईगढ़ में 4-4 सेमी बादल बरस गया। प्रदेश के कई स्थानों पर इससे कम बारिश हुई।
प्रदेश में 29 जून तक 36 फीसदी कम बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार अब तक केवल 116.7 मिमी पानी गिरा है। जबकि 182.2 मिमी पानी गिर जाना था। सबसे ज्यादा बारिश बलौदाबाजार जिले में 194.6 मिमी हुई है। यह सामान्य से 42 फीसदी ज्यादा है। वहीं बीजापुर में 11 फीसदी ज्यादा 240 मिमी पानी गिरा है। रविवार को जून का अंतिम दिन है। इस हिसाब से प्रदेश में औसत से कम बारिश होना चिंताजनक है। हालांकि मौसम विज्ञानियों का कहना है कि प्रदेश में सामान्य बारिश होने की पूरी संभावना है।
Updated on:
1 Jul 2024, 9:23 AM IST
Published on:
30 Jun 2024, 9:42 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.