पीएल पुनिया बोले- छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नहीं करेगी गठबंधन, अपने दम पर जीतेगी 90 सीट
धमतरी. छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी पीएल पुनिया ने स्पष्ट किया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में बसपा समेत अन्य किसी भी राजनैतिक पार्टी से कांग्रेस गठबंधन नहीं करेगी। वह अपने संगठन के बलबूते पर चुनाव लड़ेगी। उधर पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल ने कहा है कि कांग्रेस की सरकार बनने पर रमन सरकार की भ्रष्ट मंत्रियों की फाइल ओपन कर सीबीआई जांच कराएंगे। वे झीरम घाटी में आयोजित बरसी कार्यक्रम में जाते समय कुछ देर के लिए जिला कांग्रेस अध्यक्ष लेखराम साहू के निवास में रूके हुए थे।
इस दरम्यान पत्रकारों से चर्चा करते हुए पुनिया ने कहा कि रमन सरकार जनता के करोड़ों रूपए को विकास यात्रा के नाम पर फूंक रही है। विकास अगर होता, तो इसे बताने की जरूरत नहीं पड़ती। जनता सब देख और जान रही है और समय आने पर इसका जवाब भी देगी। मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि रमन सिंह और उसके सांसद बेटे अभिषेक सिंह ने जिस गांव को गोद में लिया था, वहां जाकर पड़ताल की तो पता चला कि बिजली का बिल जो 150 रूपए आता था अब हजारों रूपए में आ रहा था।
ओडीएफ का 12 हजार रूपए भी हितग्राहियों को नहीं मिला। लोग बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। उन्होंने बताया कि कांग्रेस झीरम की माटी को नमन कर यहां से संकल्प यात्रा निकलेगी। केन्द्र में सत्तारूढ़ मोदी सरकार के चार वर्ष के कार्यकाल पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि यह सरकार महंगाई रोकने में असफल रही है। आज पेट्रोल और डीजल की कीमत कहां है, यह सबको पता है। सामाजिक समरसता पर खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने आगे कहा कि सत्ता में बने रहने के लिए हर किस्म के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। मोदी जुमलेबाजी कर रहे हैं। सपने दिखाने में यह सरकार काफी आगे है।
इस मौके पर पूर्व जिला कांग्रेसाध्यक्ष मोहन लालवानी, विजय देवांगन, हरमिंदर छाबड़ा, आनंद पवार, नीशु चंद्राकर, पंकज महावर, युनूस गोंड़, योगेश लाल, दुष्यंत घोरपड़े, विक्रांत शर्मा, सलीम गोंड़ समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
सीएम हाउस से शुरू हो जांच पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल ने कहा कि प्रदेश में सेक्स सीडी कांड की जांच सीएम हाऊस से शुरू होनी चाहिए, लेकिन इस केस में उल्टे किसी और को फंसाने की साजिश की जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ रमनसिंह के दामाद पर आरोप लगाते हुए कहा कि इंदिरा गांधी प्रियदर्शनी बैंक में 21 करोड़ का घोटाला हुआ। जांच के दौरान बकायदा नार्काे टेस्ट भी किया गया, जिसकी कॉपी रायपुर कोतवाली में धूल खाते पड़ी हैं। इसके बाद भी इस कांड में संलिप्त लोगों पर कार्रवाई नहीं हो रही है।
सभी 90 सीटों को जीतने का लक्ष्य पुनिया ने आगे कहा कि मिशन-2018 के लिए कांग्रेस ने अपनी रणनीति बना ली है। एक-एक बूथ में कार्यकर्ताओं को तैयार किया जाएगा। हम प्रदेश की सभी सीटों को जीतने के लक्ष्य को लेकर उतरेंगे। कांग्रेस इस चुनाव में युवाओं और महिलाओं को ज्यादा अवसर देगी। इस बार हम पूर्ण बहुमत लेकर छत्तीसगढ़ में अपनी सरकार बनाएंगे।