
सटोरिया बाबू खेमानी के घर में छापा! 5 लग्जरी कारें, करोड़ों की संपत्ति का खुलासा, जानें अंदर की पूरी कहानी...(photo-patrika
Babu Khemani Raid: छत्तीसगढ़ के राजधानी रायपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शुक्रवार को सटोरिया बाबू उर्फ गुलशन खेमानी के ठिकानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में करोड़ों की संपत्ति, 5 महंगी कारें और कई संदिग्ध दस्तावेज सामने आए हैं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच में जुटी है।
गंज थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीमों ने आमानाका स्थित मारुति एनक्लेव में बाबू खेमानी के घर पर छापा मारा। सर्च वारंट के साथ पहुंची करीब 10 टीमों ने पूरे परिसर की बारीकी से तलाशी ली। छापे के दौरान घर में बाबू और उसके भाई करण की पत्नियां तथा उनकी मां मौजूद थीं।
जांच में बाबू खेमानी से जुड़े कई ठिकानों का पता चला है। मारुति एनक्लेव के अलावा रविभवन क्षेत्र में मोबाइल दुकान, जोरापारा में गोदाम और महासमुंद-बागबाहरा मेन रोड पर करीब एक एकड़ जमीन का भी खुलासा हुआ है। इन संपत्तियों की कीमत करोड़ों में आंकी जा रही है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने बीएमडब्ल्यू, क्रेटा समेत विभिन्न ब्रांड की 5 महंगी कारें भी बरामद की हैं। इन वाहनों की कीमत भी लाखों-करोड़ों में बताई जा रही है। पुलिस इन संपत्तियों के स्रोत की जांच कर रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि बाबू और उसका भाई करण ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलाने के लिए 50 से अधिक फर्जी आईडी का इस्तेमाल करते थे। इसके अलावा कई ‘म्यूल अकाउंट’ के जरिए पैसों का लेन-देन किया जाता था। पुलिस अब बैंक खातों और ट्रांजेक्शन की गहन जांच कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, बाबू खेमानी पहले महादेव बुक ऐप से जुड़ा हुआ था। बाद में उसने खुद का सट्टा नेटवर्क खड़ा कर लिया। इस नेटवर्क में कई अन्य लोगों की भी संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है, जिनकी जांच जारी है।
बाबू खेमानी खुद को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बताता था और इंस्टाग्राम समेत अन्य प्लेटफॉर्म पर वीडियो और रील्स बनाता था। पुलिस को उसके कई वीडियो आपत्तिजनक और अभद्र भाषा वाले भी मिले हैं, जिनकी भी जांच की जा रही है।
मामले में एक नया मोड़ तब आया जब बाबू खेमानी का एक वीडियो शहर के पूर्व महापौर के भतीजे के साथ वायरल हुआ। वीडियो में दोनों आपत्तिजनक भाषा में बातचीत करते नजर आ रहे हैं। इस कनेक्शन की भी जांच की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि कबीर नगर क्षेत्र में सट्टे पर हुई पिछली कार्रवाई के दौरान बाबू के बड़े रैकेट का खुलासा हुआ था। उस समय उसका चचेरा भाई ओम खेमानी गिरफ्तार हुआ था, जिससे बाबू और करण के नेटवर्क की जानकारी पुलिस को मिली थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। बैंक ट्रांजेक्शन, संपत्तियों के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका खंगाली जा रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
Updated on:
25 Apr 2026, 12:16 PM IST
Published on:
25 Apr 2026, 12:15 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.