
छोटे भाई को होटल में छोड़कर मालिक चला गया था घर, जब सुबह आकर देखा तो खून से लथपथ पड़ा था शरीर
रायपुर। छत्तीसगढ़ के राजधानी में बढ़ते अपराध में एक और मामला सामने आया है। ट्रांसपोर्ट नगर में खाना होटल का संचालन करने वाले कारोबारी के भाई पर उसके नौकर ने मामूली विवाद में चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। चाकू से मारने के बाद आरोपी युवक पीड़ित को पत्थर से कुचलने और गला घोंटने का प्रयास किया। कारोबारी का भाई अचेत हो गया तो आरोपी मरा हुआ समझकर कमरे का गेट बाहर से बंद कर दिया और घायल का मोबाइल लेकर फरार हो गया।
ट्रांसपोर्ट नगर निवासी जयकिशन जोशी ने पुलिस को बताया कि वह मूलत: राजस्थान का रहने वाला है और ट्रांसपोर्ट नगर में पिछले 12 वर्षों से होटल का संचालन कर रहा है। सोमवार की रात अपने छोटे भाई सवई जोशी और नौकर महावीर को होटल की जिम्मेदारी देकर रायपुर में रहने वाले अपने भाई राम स्वरूप जोशी के घर चला गया। सुबह 9 बजे होटल पहुंचा तो होटल के कमरे में भाई सवई जोशी खून से लथपथ पड़ा हुआ था।
घायल अवस्था में उसे आंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया। होश में आने पर सवई ने बताया कि नौकरी महावीर ने रात ढाई बजे विवाद करके हत्या की नियत से चाकू मारा और गला दबाने का प्रयास किया। कारोबारी ने घटना की जानकारी खमतराई पुलिस को दी है। होटल कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने नौकरी महावीर के खिलाफ धारा 307, 381 के तहत केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। होटल कारोबारी के भाई की हालत डॉक्टरों द्वारा अभी गंभीर बताई जा रही है।
महाराष्ट्र की तरफ भागा आरोपी
पुलिस की प्राथमिक जांच में आरोपी के भागने की लोकेशन महाराष्ट्र दिख रही है। आरोपी की तलाश करने के लिए पुलिस मुखबिरों के साथ-साथ टेक्नोलॉजी की मदद ले रही है। केस की जांच करने वाले अधिकारियों की माने तो आरोपी की तलाश में जल्द से जल्द टीम महाराष्ट्र रवाना होगी।
वर्जन
होटल कारोबारी जयकिशन ने अपने नौकर महावीर पर छोटे भाई सवई जोशी की हत्या करने की शिकायत दी है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके विवेचना शुरू कर दी है। आरोपी को जल्द पकड़ लेगे।
रमाकांत साहू, निरीक्षक, खमतराई
Updated on:
23 Mar 2020, 8:22 PM IST
Published on:
29 Oct 2019, 8:39 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.