
रायपुर. रोड सेफ्टी वर्ल्ड क्रिकेट सीरीज (Road Safety World Series Cricket Tournament) में होने वाले मैचों के टिकटों की बिक्री 23 फरवरी से शुरू हो जाएगी। ज्यादा से ज्यादा दर्शकों को स्टेडियम में प्रवेश देने के लिए कीमत काफी कम रखी गई है। आयोजक कंपनी प्रोफेशनल मैनेजमेंट ग्र्रुप के पीआर अधिकारी अजीत बेबबारुह ने बताया कि टिकटों की कीमत 50, 100 और 500 रुपए तक ही रखा जाएगा। इन्हें सीटों को प्लेटिनम, गोल्ड और सिल्वर में बांटा गया है।
टिकटों की बिक्री बुक मॉय शो के जरिए की जाएगी। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों प्रकार से बिक्री की जाएगी। ऑफलाइन टिकटों की बिक्री के लिए रायपुर में जल्द ही सेंटर निर्धारित कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट के लिए भारत समेत सभी छह टीमें 24, 25 फरवरी तक रायपुर पहुंच जाएंगी, जिसमें दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, बांग्लादेश, इंग्लैंड और वेस्टइंडीज की टीमें शामिल हैं। सभी टीम एक सप्ताह तक होटल व रिसार्ट में बायोबबल में रहेेंगी। इसके बाद वे मैदान में उतरेंगी।
कुल 15 मैच खेले जाएंगे टूर्नामेंट
पीआर अधिकारी अजीत बेबबारुह ने बताया कि टूर्नामेंट में छह टीमों के बीच मुकाबले खेले जाएंगे। फाइनल समेत कुल 15 मैच खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का उद्घाटन 2 मार्च को किया जाएगा। भारतीय टीम के कप्तान मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर होंगे।
उच्च अधिकारियों ने किया स्टेडियम का निरीक्षण
नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होने वाले रोड सेफ्टी वल्र्ड क्रिकेट सीरीज की तैयारियों का गुरुवार को छत्तीसगढ़ के उच्च अधिकारियों और आयोजन कंपनी पीएमजी के सदस्यों ने निरीक्षण किया। आला अधिकारियों ने स्टेडियम के बाहर और स्टेडियम के अंदर की व्यवस्थाओं को देखा।
उन्होंने खिलाड़ियों के ड्रेसिंग रूम, वीआईपी लांज, मीडिया कक्ष, दर्शकों के एंट्री और एग्जिट गेट व उनकी सीटिंग अरेंजमेंट, पार्किंग समेत कई विषयों पर चर्चा की और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को जल्द से जल्द सभी कामों को पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने खिलाडिय़ों की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात की सुगम व्यवस्था, साफ-सफाई, फूड जोन, आपातकालीन चिकित्सा, फायर ब्रिगेड, पार्किंग निर्बाध विद्युत संचालन समेत कई महत्वपूर्ण कामों के लिए दिशा निर्देश जारी किए।
होटल के आसपास आम नागरिकों को प्रवेश प्रतिबंधित
कोरोना के मद्देनजर सावधानीवश सचिन, सहवाग, लारा जैसे दिग्गज खिलाडिय़ों के ठहरने की जगहों पर आम नागरिकों का आना-जाना लगभग एक माह तक पूर्णरूप से प्रतिबंधित रहेगा। खिलाडिय़ों वअंपायर के लिए नवा रायपुर के मेफेयर होटल और लेक रिसॉर्ट में ठहरने की व्यवस्था की गई है। कलेक्टर डॉ. एस भारतीदासन इन दोनों जगहों को आम नागरिकों के लिए 22 फरवरी से 22 मार्च तक के लिए बायोबबल जोन (प्रतिबंधित जोन) घोषित किया है।
इन अधिकारियों ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
गुरुवार को टूर्नामेंट के लिए स्टेडियम की निरीक्षण अधिकारियों ने किया। परिवहन आयुक्त कमलप्रीत सिंह, आईजी दीपांशु काबरा, आईजी इंटेलिजेंस डॉ. आनंद छाबड़ा, कलेक्टर डॉ. एस भारतीदासन, एसएसपी अजय यादव, जिला पंचायत सीईओ डॉ गौरव कुमार सिंह, संचालक खेल श्वेता सिन्हा समेंत प्रोफेशनल मैनेजमेंट ग्रुप, मुंबई के पदाधिकारियों ने स्टेडियम में चल रही तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्टेडियम के अधूरे कामों को युद्धस्तर के साथ समय पर पूरा करने के लिए निर्देशित किया।
Published on:
19 Feb 2021, 6:24 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.