
कंपनी का अधिकारी बनकर चुरा लिए कमल विहार के सोलर लाइट की 64 बैटरी
रायपुर . रायपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) के प्रोजेक्ट कमल विहार में सडक़ों पर अंधेरा पसरा है। यहां मुख्य कार्यपालन अधिकारी स्वीकार करते हैं कि सोलर लाइट की बैटरी चोरी हो चुकी है।
‘पत्रिका’ ने अपनी पड़ताल में पाया कि आवंटितियों से किए गए अनुबंध का पालन नहीं किया जा रहा है। यहां निजी गार्ड को हटा दिया गया है, वहीं बीते दिनों कुछ बैटरी चोरी होने के बाद कंपनी के अधिकारी के नाम से किसी युवक ने 64 सोलर लाइट की बैटरी निकालकर रखी ली। जब सेक्टर-10 के स्थानीय निवासियों ने आरडीए में इसकी जानकारी चाही तो आरडीए ने किसी भी कंपनी के अधिकारी द्वारा बैटरी निकालकर ले जाने की बात स्वीकार नहीं की। तब पता चला कि अधिकारी बनकर बैटरी चोरी कर ली गई है।
बोरियाखुर्द की ओर से कमल विहार प्रवेश द्वार पर जाने के लिए अब लोग कतरा रहे हैं। इसलिए यहां निवासरत परिवार घूमकर डूमरतराई मार्ग से आना-जाना कर रहे हैं। स्थानीय रहवासियों ने शिकायत दर्ज कराई है कि कमल विहार में पार्टी विशेष के कार्यकताओं के घर के सामने सोलर लाइट चालू है, लेकिन सामान्य नागरिकों को यहां असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। सेक्टर-10 निवासी मो. जावेद इकबाल, वीरेंद्र सैनी आदि ने बताया कि आरडीए के एग्रीमेंट के मुताबिक हर घर के सामने सोलर लाइट की व्यवस्था किए जाने का उल्लेख है, लेकिन ऐसी व्यवस्था लागू नहीं की गई।
बसाहट नहीं इसलिए चोरी
आरडीए के सीइओ अभिजीत सिंह से जब इस मामले पर बात की गई तो उन्होंने कहा कि बसाहट नहीं होने की वजह से यह स्थिति निर्मित हो रही है। सोलर लाइट की बैटरी चोरी होने के मामले पर इंजीनियरिंग विभाग को दिशा-निर्देश दिया गया है।
वैकल्पिक पोल तक नहीं पहुंची बिजली
सो लर लाइट के अलावा यहां बिजली के लिए पोल भी लगाया गया है, लेकिन पोल में विद्युत प्रवाह नहीं होने की वजह से यह भी बंद पड़ा है। सोलर लाइट की व्यवस्था वैकल्पिक रूप से की गई थी, लेकिन कमल विहार में दोनों व्यवस्थाएं ठप पड़ी हुई है।
Updated on:
13 Oct 2018, 10:26 AM IST
Published on:
13 Oct 2018, 10:26 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.