
टीएस सिंहदेव की मुख्यमंत्री बनने की इच्छा गलत समय पर जगी : रमन सिंह
रायपुर.
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा, 3 दिसंबर को चुनाव परिणाम का इंतजार सभी को है। पर अभी जो सर्वे और रिपोर्ट आ रही है उसके अनुसार भाजपा की बहुमत के साथ सरकार बनेगी। हर क्षेत्र से सर्वे और कार्यकर्ताओं से चर्चा के बाद निष्कर्ष यही निकला है। कम से कम 52 से 54 सीटों पर भाजपा जीत रही और भाजपा की सरकार बनेगी।
कांग्रेस में अंर्तकलह पूरे चुनाव में दिखा
मंत्री टीएस सिंहदेव के चुनाव नहीं लड़ने और सीएम उम्मीदवारी पर पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने तंज कसा है। उन्होंने कहा, वह सही बोल रहे हैं, उनके मन की पीड़ा है। पांच साल से वह इंतजार कर रहे हैं। यह वादा कर उनको पांच साल घुमा कर रख दिया गया, पर उनकी भी इच्छा गलत समय पर जागृत हुई है। अब भाजपा की सरकार बन रही है। रमन सिंह ने कहा, कांग्रेस में अंर्तकलह पूरे चुनाव के दौरान दिखा। जितने बड़े नेता थे वह अपने विधानसभा छोड़कर कहीं नहीं गए। एक विधानसभा में बांधकर उन्हें रखा गया। अब उनके मन की पीड़ा और आक्रोश झलक रही है।
विधायक दल की बैठक में होगा चयन
मुख्यमंत्री पद के लिए दावेदारी के सवाल पर रमन सिंह ने कहा, चेहरा बीजेपी ने तय नहीं किया है। विधायक दल की बैठक में चयन हो जाएगा, उसमें कहीं विलंब नहीं होगा।
यह परिवर्तन का वोट है
दीपक बैज के महिलाओं को वोट देने के बयान पर रमन सिंह ने कहा, महिलाओं का रुझान बीजेपी की योजना और घोषणा पत्र पर है. कांग्रेस की वादाखिलाफी के आक्रोश को प्रकट किया है। महिलाओं को छला गया और ठगा गया। महिलाओं ने गुस्से में आकर शानदार मतदान किया है। यह परिवर्तन का वोट है, जो महिलाओं ने दिया।
Updated on:
20 Nov 2023 09:42 pm
Published on:
20 Nov 2023 09:42 pm
