प्रदेश में इंजेक्टेड नशा को खत्म करने के लिए स्वास्थ्य विभाग बड़ा काम कर रहा है। एड्स कंट्रोल सोसाइटी के माध्यम से अभी तक 160 युवाओं को नशामुक्त किया जा चुका है। इंजेक्शन वाले नशा से एचआईवी फैलने का खतरा रहता है। सिम्स व जिला अस्पताल बिलासपुर के अलावा सुपेला भिलाई, मनेंद्रगढ़, विश्रामपुर व कोरबा में नशा मुक्ति केंद्र खोला गया है। इसमें नशा करने वाले युवाओं को एनजीओ के माध्यम से सेंटर पहुंचाया जा रहा है। इस सेंटर के माध्यम से युवाओं को एचआइवी संक्रमित होने से भी बचाया जा रहा है।