
रायपुर . एनआईटी के पास 6 एकड़ में करीब 15 करोड़ की लागत से बन रहे वल्र्ड क्लास सुविधाओं से युक्त ऑक्सीरीडिंग जोन को नालंदा परिसर के नाम से जाना जाएगा। इसके सुचारू संचालन के लिए कलक्टर की अध्यक्षता में नालंदा परिसर प्रबंधन सोसायटी रायपुर का गठन भी किया गया है। इस सोसायटी में पुलिस अधीक्षक, आयुक्त नगर निगम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित 15 सदस्य शामिल हैं। नालंदा परिसर सातों दिन चौबीस घंटे संचालित होगा। इसके लिए पुलिस अधीक्षक रायपुर की अध्यक्षता में सोसायटी के अंतर्गत 10 सदस्यीय सुरक्षा समिति भी गठित की गई।
सोमवार को यहां नालंदा परिसर में कलक्टर ओपी चैधरी की अध्यक्षता में सोसायटी की कार्यकारिणी समिति की पहली बैठक आयोजित हुई। बैठक में नालंदा परिसर ऑक्सीरीडिंग जोन के सुचारू संचालन के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। 24 घंटे 7 दिन संचालित होने वाले ऑक्सीरीडिंग जोन की लाइब्रेरी का मासिक शुल्क 500 रुपए निर्धारित किया। यह शुल्क गरीबी रेखा से नीचे वाले सदस्यों के लिए 200 रुपए प्रतिमाह होगा। सभी सदस्यों के लिए कॉशनमनी 2500 रुपए लेने का निर्णय लिया गया।
50 हज़ार पुस्तकों के साथ इ-लाइब्रेरी व् अन्य सुविधा
ऑक्सी रीडिंग जोन में 1.5 करोड़ रुपए की 50 हजार पुस्तकों के साथ-साथ 112 कम्प्यूटर युक्त ई-लाइब्रेरी तथा पूरे परिसर में फ्री वाईफाई जोन रहेगा। सभी सदस्यों को प्रवेश के लिए आरएफ आइडी कार्ड दिया जाएगा। नालंदा परिसर में वल्र्ड क्लास सुविधाओं से युक्त जी प्लस टू रीडिंग टॉवर बनाया गया है। जिसे यूथ टॉवर नाम दिया गया है। इस पूरे परिसर में पढऩे के लिए उच्च स्तरीय, फर्नीचर, एलइडी लाइटिंग के साथ ही सुरक्षा के लिए 64 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
फैसेलिटी प्लाजा
नालंदा परिसर में एक फैसेलिटी प्लाजा भी बनाया गया है। जहां युवाओं के लिए स्टेशनरी, बुक स्टॉल, मेडिकल स्टोर, एटीएम के साथ रेस्टारेंट भी रहेगा जो चौबीस घंटे संचालित होगा। कम से कम दो लाख रुपए प्रदान करके आजीवन सदस्य एवं कम से कम 25 हजार रुपए दान करके इसकी वार्षिक सदस्यता प्राप्त की जा सकती है। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमरेश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नीलेश कुमार क्षीरसागर, नगर निगम आयुक्त रजत बंसल, चिप्स के सीओओ पुष्पेन्द्र सिंह मीणा सहित समिति के अन्य सदस्यगण उपस्थित थे।
Published on:
01 May 2018 03:59 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
