टिकरापारा पुलिस के अनुसार, दिनेश कुमार नाग उर्फ बब्बा संतोषी नगर में रहता था। देर रात वह घूमने निकला था। इस दौरान मठपुरैना के त्रिमूर्ति चौक में उसका विवाद प्रकाश बाटले, मिथुन और लक्की से होने लगा। उसी समय किसी ने दिनेश की मोटर साइकिल से चाबी निकाल ली, जिससे विवाद और बढ़ गया। फिर आधा दर्जन लोगों ने घेरकर दिनेश से मारपीट शुरू कर दी और उसे अचेत अवस्था में छोड़कर भाग गए। दिनेश के साथ मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची टिकरापारा पुलिस युवक को आंबेडकर अस्पताल लेकर पहुंची। डॉक्टर ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक के बड़े भाई चैन कुमार नाग ने बताया कि भाई के साथ मौजूद युवकों ने घर आकर जानकारी दी तब पता चला कि भाई की हत्या हो चुकी है।