
रायसेन /बरेली. जिले में हर दूसरे-तीसरे दिन लूट की घटनाएं हो रही हैं। पुलिस पूरी तरह विफल हो रही है। सोमवार को शाम एक बार फिर बाइक सवार लुटेरों ने एक किसान को लूट का शिकार बनाकर पुलिस की मुस्तैदी को चुनौती दी है।
जानकारी के अनुसार किसान भगवान दास प्रजापति अपने छोटे भाई रमेश के साथ बरेली बैंक से गेहूं का भुगतान निकालकर बाइक से अपने गांव जोहर बारह जा रहा था। जैसे ही वह पिपरिया रोड पर शिवानंद गार्डन के पास पहुंचे, बाइक से पीछा कर रहे लुटेरों ने किसानों को पीछे से धक्का मारकर गिरा दिया।
किसान कुछ समझ पाते उससे पहले लुटेरे रुपयों से भरा बैग झपटकर बाइक से रफू चक्कर हो गए। माजरा देखकर जमा हुए लोगों को किसानों ने बताया कि वह बैंक से दो लाख 70 हजार रुपए निकालकर लाए थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी एसएस मुकाती, किसानों को साथ लेकर लुटेरों की तलाश में निकल पड़े। पुलिस का कहना है कि अब कुछ भी हो जाएं। हम उन लुटेरों को ढूढ़ कर जरूर निकालेंगे। जिससे अन्य लोगों को भी सबक मिल सकें और आगे कोई इस तरह की वारदात को अंजाम न दे सकें।
बढ़ी लूट की घटनाएं
पिछले चार माह से लगातार लूट की घटनाएं हो रही हैं। दिन दहाड़े भीड़ भाड़ वाले समय में बदमाश बेखोफ लूट की घटनाओं को अंजाम देकर रफू चक्कर हो जाते हैं। गत दिनों एटीएम से दो बार लूट हुईं। शानिवार 12 मई को सोना चांदी से भरा बैग लूट लिया गया। इससे पहले पंजाब नेशनल बैंक से रुपए निकाल कर बाहर आए किसानों से लुटेरों ने अपने आप को पुलिस का बताकर रुपये झटक लिए थे। उसका आज तक पता नहीं चल पाया। 21 नवंबर 2017 को हॉट के दिन एक गुड़ व्यापारी का बीच बाजार से रुपयों से भरा बैग बदमाश लेकर रफू चक्कर हो गए थे। पुलिस सीसीटीवी खंगालती रही, लेकिन अपराधी पुलिस की पकड़ में नहीं आ सके।
Published on:
15 May 2018, 10:06 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.