जिले की कृषि भूमि की तासीर और यहां की जलवायु के अनुसार कम से कम लागत में अधिक मुनाफा देने वाली फसलों की ओर किसानों को अग्रसर करें। उद्यानिकी फसलों के अन्तर्गत व्यवसायिक खेती में संरक्षित खेती, फूलों की खेती, औषधीय फसलों की खेती, ड्रिप और मल्चिंग के साथ मिर्च की खेती के लिए किसानों को जागरूक किया जाए, ताकि किसानों की आय दोगुनी की जा सके। यह बात संभागायुक्त अजातशत्रु श्रीवास्तव ने कृषि विज्ञान केन्द्र नकतरा का निरीक्षण करते हुए कही। उन्होंने मृदा स्वास्थ्य योजना के अन्तर्गत विकासखंडों में परीक्षण की स्थिति की जानकारी ली। श्रीवास्तव ने स्वाइल हेल्थ कार्ड योजना के प्रशिक्षणार्थियों से चर्चा की। उप संचालक कृषि एके उपाध्याय, कृषि वैज्ञानिक डॉ. स्वप्निल दुबे ने विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर कलेक्टर भावना वालिम्बे, एसपी जगत सिंह राजपूत, सीईओ स्वरोचिष सोमवंशी मौजूद थे।