
लापरवाहीः कोरोना पाॅजिटिव निकली नर्स, सैंपल के बाद भी करती रही ड्यूटी
रायसेन। कोरोना संक्रमण के केसों में कमी नहीं आ रही है। बड़े पैमाने पर जागरूकता की कमी भी इसमें वजह बनकर सामने आ रही है। रायसेन जिले में नर्स के कोरोना पाॅजिटिव होने से हड़कंप मच गया। विद्रुप यह कि कोरोना संदिग्ध होने के बाद नर्स को क्वारंटीन नहीं किया गया और वह रोज अस्पताल आती रही। अब रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य केंद्र के सभी कर्मचारियों को क्वारंटीन करने को कहा गया है।
Read this also: कैसे लड़े कोरोना से, सैंपल लेने में ही बड़े स्तर पर हो रही गड़बड़ी
दरअसल, रायसेन जिला कोरोना की महामारी का शिकार जिलों में शुमार है। यहां कोरोना के ढेर सारे मामले सामने आने के बाद जिले में विशेष एहतियात बरतने का आदेश है। लेकिन आम जनता की बात कौन करे स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार ही कोरोना संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूकता नहीं दिखा पा रहे हैं।
रायसेन के चिकलोद स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात एक नर्स की बीते दिनों कोरोना संक्रमण की जांच कराई गई थी। नियमतः कोरोना जांच के लिए सैंपल लेने के बाद नर्स को क्वारंटीन करा देना चाहिए लेकिन सैंपल देने के बाद भी वह लगातार ड्यूटी पर बनी रही। अब जब नर्स का रिजल्ट कोरोना पाॅजिटिव आया है तो उसका खामियाजा स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात कर्मचारी, स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले वह सभी लोग जो नर्स के संपर्क में आए, को भुगतना पड़ सकता है।
नर्स की रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य महकमा अब उस नर्स के संपर्क में आने वालों की खोज में लग गया है। स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों को क्वारंटीन होने को कह दिया गया है।
बता दें कि रायसेन में अभी तक 1078 सैंपल लिए गए हैं। इनमें से 65 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पाॅजिटिव आ चुकी है। जबकि 956 लोगों की रिपोर्ट कोरोना नेगटिव है। 150 लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज भी किया जा चुका है। जबकि तीन मौतें कोरोना की वजह से यहां हो चुकी है। अभी भी 15 रिपोर्ट आनी शेष है।
Read this also: हाईवे पर पत्नी ने दिया बच्चे को जन्म, गूंजने लगी किलकारियां
Updated on:
15 May 2020, 2:59 PM IST
Published on:
15 May 2020, 2:53 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.