
कौड़ी नदी फिर उफान पर, रायसेन का सांची और विदिशा से संपर्क टूटा
रायसेन@शिवलाल यादव की रिपोर्ट...
भादों महीने में बारिश के दौर का सिलसिला जारी है। सावन महीने में बारिश की करीब बीस दिनों की खींच के कारण बारिश प्रभावित हो गई थी। शुक्रवार को दोपहर बाद बारिश का फिर शुरू हो गया है। कभी रूक-रूक कर तो कभी हवाओं के साथ तेज बारिश रात भर होती रही। इसीलिए कौड़ी नदी का रपटा और सालेरा की पुलिया पर ४ फीट बाढ़ का पानी बहने से आवागमन ठप रहा।
इसी तरह बेगमगंज के नजदीक परासरी नदी के पुल पर पानी बहने से काफी देर तक आवागमन प्रभावित रहा। इस वजह से रायसेन से गैरतगंज बेगमगंज और सागर भोपाल का सड़क संपर्क कुछ देर के लिए ठप रहा। वहीं रायसेन का सांची, सलामतपुर विदिशा से सड़क संपर्क कट गया है। शनिवार को सुबह से ही कौड़ी नदी उफान पर हो गई थी। इस कारण अपडाउनरों सहित अन्य लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी। हालांकि दोपहर 2 बजे के बाद विदिशा से कई लोग रायसेन सालेरा की पुलिया से पैदल सफर तय कर आ सके।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को दोपहर २ बजे के बाद ऐसे बारिश का सिलसला शुरू हुआ तो जो अगले दिन शनिवार को सुबह ९ बजे तक जारी रहा। लगातार हो रही बारिश के कारण लोगों को एक फिर से परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के सूत्रों के मुताबिक बारिश का दौर अभी दो दिनों तक और असर दिखाने की उम्मीद जतायी जा रही है। बारिश की वजह से लोगों की दिनचर्या सहित कारोबार भी प्रभावित हो रहा है।
दोपहर बाद बदला मौसम
शुक्रवार को सुबह हल्की बारिश की फुहार शुरू हुई। लेकिन दोपहर के बाद कुछ देर के लिए मौसम साफ हो गया ।दो बजे के बाद एक बार फिर से कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश का सिलसिला प्रारंभ हो गया। जो कि रात 8 बजे तक कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश का दौर चलता रहा।
Published on:
8 Sep 2018, 3:35 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.