
रायसेन. जब नगर पालिका गत वर्ष के बजट की करोड़ों की राशि खर्च कर भी शहर को विकास की राह में नहीं ले जा पाई तो अब जब कि कर का मात्र १८ फीसदी ही वसूल कर पाई है तो इस बार विकास की उम्मीद कैसे की जाए। वैसे देखा जाए तो इसमें नपा का ढुलमुल रवैया और अफसरों की अरुचि के कारण ही ये स्थिति बनी। यानी अब फिर मानसून आएगा तो शहर की हालत बदतर होना तय है। खैर, वर्तमान व पिछले करों की बकाया राशि पर यदि गंभीरता से नजर डाली जाए तो नगर पालिका को लाखों रुपए अभी वसूलना है।
हालांकि नगर पालिका के जन्रपतिनिधियों से लेकर अधिकारियों की संयुक्त बैठक में करों की वसूली को फोकस करते हुए फरवरी व मार्च महीने में अधिकारी कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी गई थी। इसके चलते शहर के विभिन्न वार्डों में शिविर भी लगाए गए थे। इसके अलावा नेशनल लोक अदालत में भी करदाताओं को अवसर दिया गया था। इसके बाद भी करों की वसूली समय पर नहीं हो सकी है। वहीं नगर पालिका के अधिकारी और जनप्रतिनिधि कर वसूली के मामले में प्रतिवर्ष लापरवाही बरत रहे हैं। नपा में पिछले वर्षोंं का कर २,८९,५५,९६५ रुपए बकाया था। इसमें मात्र ५०,८७,३६२ रुपए ही वसूली की जा सकी। यह वसूली का लगभग १८ प्रतिशत है।
पिछले साल व इस साल के करों की वसूली करोड़ों रुपए बाकी है।
वसूली में फिसड्डी
इसके साथ ही शहर के लोगों को दी जाने वाली सुविधाओं के लिए नगर सरकार द्वारा आम जनता से टैक्स की वसूली की जाती हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी, कर्मचारी ही कर वसूली के सारे मामले में उदासीन बने हुए हैं। कर वसूली को अगर देखा जाए, तो स्थिति एकदम स्पष्ट है। संपत्तिकर, जलकर और नपा की दुकानों का किराया आदि के रूप में नगर पालिका को ५३ लाख ८० हजार १५० रुपए वसूलने हैं।
इसके साथ ही प्रापर्टी टैक्स के ३४ लाख ८६ हजार में से बमुश्किल १८ लाख ५६ हजार ९३१ रुपए वसूल हो सका है। अब वसूली के लिए अधिभार लगाकर नई सूची बनाई है। जलकर के १३ लाख ९४ हजार ४८२ रुपए वसूलना है। इसी तरह नगर पालिका की दुकानों का किराया एक लाख १८ हजार ७१६ रुपए वसूलना था। किन्तु ५४ हजार रुपए ही वसूली हुई। बाकी वसूली के लिए दुकानदार सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं। यदि नपा के विभिन्न करों क ी वसूली समय पर सख्तीपूर्वक नहीं की गई तो नगर सरकार का खजाना खाली ही रह जाएगा। ऐसे में विकास व निर्माण कार्यों पर इसका सीधा असर पड़ सकता है।
ऑनलाइन कर वसूली से बनीं असुविधा
विभिन्न करों को वसूल करने के मामले में हालांकि नगर पालिका का शुरू से ही यही हाल रहा है। इस साल की प्रभारी सीएमओ ज्योति सुनेरे कर वसूली सिस्टम ऑनलाइन होने की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ रहीं है। वहीं सीएमओ का कहना है कि पहले कर्मचारी घर-घर जाकर वसूली करते थे। करों की राशि नगर पालिका में जमा करते थे। मगर अब यह व्यवस्था बंद हो चुकी है। इससे भी करों की वसूली पर असर पड़ रहा है।
ऐसा था कर वसूली का लक्ष्य
नगर पालिका में जल कर वसूली का लक्ष्य इस साल ३६ लाख ६३ हजार ६०० रुपए का है। वहीं नपा का लक्ष्य ११६ दुकानों से ४ लाख ६९ हजार ८०० रुपए कर वसूलने का था। इसके साथ ही शहर के घर दुकानों के ६५०० नल कनेक्शनों के जलकर की राशि भी वसूलना है। वहीं शहर की ६१९० संपत्तियों से भी कर वसूलना है। इसके अलावा शिक्षा उपकर, समेकित कर का लक्ष्य अलग है। इन करों में से सबसे कम वसूली समेकित कर की हुई है। शिक्षा उपकर की एक लाख ८० हजार रुपए ही जमा हो सके हैं।
बताया जाता है कि हर साल शिक्षा उपकर नगर पालिका वसूल लेती है जबकि सरकारी स्कूलों को यह कर नहीं दिया जाता। इस कारण स्कूलों की मरम्मत साफ-सफाई बाउंड्रीवाल जैसे काम नहीं हो पाते।
सीएमओ नहीं दे रही ध्यान
डूडा अधिकारी ज्योति सुनेरे के पास कुछ माह तक गैरतगंज नगर परिषद का प्रभार भी रहा। दोबारा से सांची नगर परिषद का प्रभार भी ज्योति सुनेरे को मिल चुका है। इस तरह तीन कार्यालयों की जिम्मेदारी डूडा अधिकारी ज्योति सुनेरे द्वारा निभाई जा रही है।
बताया जा रहा है कि इनमें से एक भी कार्यालय की जिम्मेदारी सही तरीके से पूरी नहीं हो पा रही है। इस संबंध में नपा रायसेन के ज्यादातर पार्षद भी पिछले दिनों हुई परिषद की बैठक में व्यवस्थाओं पर नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। वहीं जिला शहरी विकास अभिकरण के जागरुकता वाले कार्यक्रम भी प्रभावित हो रहे।
&कर जमा करने की प्रक्रिया नगर पालिका में अब ऑनलाइन हो गई है। इससे करों की वसूली पूरे प्रदेशभर में प्रभावित हुई है। इस संबंध में हमारी संयुक्त संचालक से बात भी हुई है। उनसे पावती की सुविधा दिए जाने की मांग भी की गई है।
ताकि नपा कर्मचारी घरों से करों की वसूली कर खाली खजाने को भर सकें। बाद में नपा में आकर ऑनलाइन कर रसीद दे सकें।
ज्योति सुनेरे, नपा सीएमओ रायसेन।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
1 May 2018, 8:41 AM IST
बड़ी खबरें
View Allरायसेन
मध्य प्रदेश न्यूज़




