ब्यावरा.जिले के पुलिस अधीक्षक और मप्र शासन के अति-पुलिस महानिदेशक अवधेश कुमार गोस्वामी ने गांव और शहरी क्षेत्र में काम करने वाले ग्राम-नगर सुरक्षा समिति सदस्यों को अपने परिवार का हिस्सा बताया। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों, थाना प्रभारियों से कहा कि इनके साथ अच्छा व्यहार करें, ये सभी हमारे परिवार का हिस्सा हैं।
एसपी गोस्वामी ने सभी नगर सुरक्षा समिति सदस्यों को आश्वस्त किया है कि हम उनके लिए तत्पर हैं। जैसे हमारे परिजनों के लिए हम खड़े रहते हैं, उसी प्रकार उनके सुख-दुख में भी साथ रहें। उन्होंने कई अनुभव अपने नौकरी के साझा किए, जिसमें नगर सुरक्षा समिति सदस्यों को अहम हिस्सा बताया। इस मौके पर सभी सदस्यों को एक किट, प्रमाण-पत्र भेंटकर सम्मानित किया गया। एसपी गोस्वामी ने कहा कि भविष्य में शासन की जैसी भी स्थिति निर्मित होती है तो हम आप लोगों के लिए भुगतान की व्यवस्था करवाएंगे। जो लोग पुलिस, एसआई की तैयारी कर रहे हैं, उन्हें इस अनुभव का लाभ मिलेगा। साथ ही उसके ३ अंक परीक्षा में एड भी किए जाएंगे लेकिन इसके लिए तीन साल सक्रिय सदस्य रहना जरूरी होगा। एसपी ने अपने सभी थाना प्रभारियों से सुरक्षा समिति सदस्यों के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार करने की सलाह दी। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनकामना प्रसाद, एसडीएम अंशुमन राज (आईएएस), तहसीलदार महेंद्रप्रतापसिंह किरार, एसडीओपी नेहा गौर, थाना प्रभारी राजपालसिंह राठौर, थाना प्रभारी अजय यादव, मोहरसिंह मंडेलिया, राम कुमार रघुवंशी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।