14 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भरी गर्मी में पानी की किल्लत, शहर में तीन दिन छोड़कर सप्लाई

भरी गर्मी में पानी की किल्लत, शहर में तीन दिन छोड़कर सप्लाई

2 min read
Google source verification
rajgarh news, rajgarh patrika, patrika news, patrika bhopal, bhopal mp, water problem, water shortage,

भरी गर्मी में पानी की किल्लत, शहर में तीन दिन छोड़कर सप्लाई

ब्यावरा। दो-दो जगह (कुशलपुरा और जलालपुरा) वैकल्पिक व्यवस्था होने के बावजूद नगर पालिका प्रबंधन भीषण गर्मी में भी लोगों को पानी मुहैया नहीं करवा पा रही है। अभी तक दो दिन छोड़कर होने वाली सप्लाई अब तीन दिन पर पहुंच गई। लोगों को भरी गर्मी में पीने के साथ ही दैनिक उपयोग के लिए पानी की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
दरअसल, अल्टरनेट भी कई बार तीन दिन छोड़कर भी सप्लाई नहीं हो पाती, ऐसे में पानी को लेकर लोगों का पूरा शेड्यूल गड़बड़ा रहा है। खास बात यह है कि समय पर सप्लाई नहीं होने के बावजूद नगर पालिका प्रबंधन द्वारा वैकल्पिक तौर पर भी कोई व्यवस्था नहीं की जाती।

ऐसे में गली-मोहल्लों में रोजाना सुबह-शाम लोग पानी के लिए परेशान होते रहते हैं। जूना ब्यावरा क्षेत्र में ऐसी ही दिक्कत आ रही है, तीन दिन बाद भी नलों में सप्लाई नहीं होने पर रहवासी मनीष शर्मा, आनंद भारद्वाज सहित अन्य ने कहा कि घर में जरूरी काम के लिए भी पानी नहीं है। रोजाना नल का इंतजार रहता है लेकिन इस बार तो अल्टरनेट-डे भी सप्लाई नहीं हो पाई। जूना ब्यावरा के साथ ही मुल्तानपुरा, इंदौर नाका, एसडीएम निवास के पीछे, सिलावट मोहल्ला, हाथी खाना, सुठालिया रोड, मातामंड सहित शहीद कॉलोनी व आस-पास के अन्य क्षेत्रों में पानी की किल्लत आ रही है।

कुशलपुरा में पानी कम, सिंगल मोटर से सप्लाई
नपाकर्मियों के अनुसार शहर में प्रमुख सप्लाई कुशलपुरा डेम से होती है। वहां पानी की कमी हो जाने से समवेल में पानी इकट्ठा नहीं हो पा रहा। एक ही मोटर पम्प सप्लाई के लिए लगा रखा है। रातभर में जो पानी एकत्रित होता है उतनी ही मात्रा में शहर में सप्लाई पहुंच पाती है। सप्लाई में एक दिन की कमी आ जाने से ही शहर में वितरण व्यवस्था में एक दिन की बढ़ोतरी हुई है। नपा कर्मचारियों की मानें तो कुशलपुरा डेम में बारिश आने तक यह दिक्कत रहेगी।

...और टेस्टिंग तक सिमटी घोड़ापछाड़ लाइन
फोरलेन की निर्माण एजेंसी द्वारा मुफ्त में बनाकर दे दी गई घोड़ापछाड़ लाइन भी अभी तक नपा नहीं चालू कर पाई है। दो से तीन बार टेस्टिंग तक ही उक्त लाइन सिमटकर रह गई है। करीब छह माह पहले लाइन का काम पूरा कर लिया गया। लेकिन नपा प्रबंधन उसे चालू नहीं कर पाया। वैकल्पिक तौर पर उक्त लाइन को चालू करने की योजना बनाई जा रही है, जिसका उपयोग कुशलपुरा से सप्लाई प्रभावित हो जाने के दौरान किया जाएगा। फिलहाल नपा एक-दो दिन में इसे चालू करने का दावा कर रही है।

पानी की कमी आई है
कुशलपुरा डेम में पानी की कमी आई है, इसीलिए सप्लाई गड़बड़ा रही है। शहर में दो के बजाए हमने तीन दिन छोड़कर सप्लाई का शेड्यूल बनाया है। महीने भर ऐसे ही एडजस्ट करना होगा। हालांकि वैकल्पिक तौर पर जल्द ही घोड़ापछाड़ लाइन चालू कर ली जाएगी।
-राजेश दांगी, सब-इंजीनियर, नपा, ब्यावरा