
Biaora Nagar palika : चोरी की बिजली से चल रहे थे नपा के पम्प-ट्यूबवेल, 14 केस बनाए
Rajesh vishwakarma
ब्यावरा.बिजली कंपनी की विजिलेंस टीम ने आम उपभोक्ताओं की ही तरह ब्यावरा नगर पालिका परिषद पर बिजली चोरी के प्रकरण बनाए हैं। एक-दो नहीं पूरे 14 से अधिक प्रकरण चोरी के बनाए हैं। जिसमें सीधे तौर पर नपा के ट्यूबवेल चोरी की बिजली से चलते मिले। वहीं, रेग्यूलर बिल को मिलाकर तकरीबन 35 लाख पम्प के और 82 लाख एचटी कनेक्शन के नपा पर बकाया है। कुल एक करोड़ 18 लाख रुपए बाकी है। इसे लेकर बिजली कंपनी ने स्ट्रीट लाइट, वॉटर बॉक्स की लाइट इत्यादि बंद करने का अल्टीमेटम दिया है। 8 लाख जमा करने के बाद बिजली कंपनी ने शुक्रवार रात से स्ट्रीट लाइट का कनेक्शन काट दिया।
दरअसल, बिजली कंपनी की कार्रवाई में नपा के ही १४ प्रकरण चोरी के बनाए गए हैं। जिसके तहत जगह-जगह बिना किसी कनेक्शन के ट्यूबवेल चलाए जा रहे थे। साथ ही अन्य प्रकार का भी लाखों रुपए का बिल बकाया है। इसे लेकर नपा और बिजली कंपनी की खींचतान चल रही है। हालांकि रेग्यूलर बिल करीब 8 लाख का नपा ने जमा कराया है, जिससे वॉटर बॉक्स, स्ट्रीट लाइटें बंद न हों लेकिन २ लाख १६ हजार स्ट्रीट लाइट के बकाया होने से उसे बंद कर दिया गया। फिलहाल बिजली कंपनी अपने बकाया को वसूलने पर अड़ी है। वहीं, नपा ने भी अपना पक्ष रखते हुए कुछ टैक्स बिजली कंपनी की पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी पर बकाया बताया है। हालांकि बिजली कंपनी का कहना है कि उस कंपनी से हमें मतलब नहीं है, वितरण टीम अलग है। उन्हें आम आदमी के साथ ही हर सरकारी दफ्तर से भी समान रूप से बिल वसूलने के निर्देश वरिष्ठ अधिकारियों से मिले हैं।
काचरी-कुशलपुरा प्लांट पर 82 लाख बकाया
बिजली कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि रेग्यूलर पम्प कनेक्शन, स्ट्रीट लाइट के बकाया के अलावा नगर पालिका के एचटी (हाई टैंशन) बिजली कनेक्शन पर तकरीबन 82 लाख रुपए बकाया है। इनमें काचरी पम्प हाउस, कुशलपुरा पम्प हाउस और कुशलपुरा फिल्टर प्लांट का बकाया शामिल है। यह मोटी रकम नगर पालिका पर कभी की बकाया है, जिस पर नपा प्रबंधन ढंग से काम नहीं कर पाया और इसी कारण लगातार कनेक्शन काटने, चोरी के प्रकरण बनाने जैसी स्थिति निर्मित हुई है।
फैक्ट-फाइल
-36 लाख कुल अभी भी नपा पर बकाया
-82 लाख तीन एचटी कनेक्शन के बकाया
-1.18 करोड़ रुपए कुल बिजली कंपनी के नपा पर बकाया
-14 प्रकरण नपा के चोरी के बनाए
-8 लाख जमा किए वॉटर बॉक्स के
-2.19 लाख स्ट्रीट लाइट के बकाया
(स्त्रोत : बिजली कंपनी, ब्यावरा)
न एडजस्ट करवाया न बकाया जमा कराने में रुचि
बिजली कंपनी के अफसरों का कहना है कि जिस पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के बकाया टैक्स की बात नपा कर रही है, उसे लेकर भी इन्होंने गंभीरता नहीं दिखाई। अभी तक उस पर काम नहीं किया अन्यथा वह एडजस्ट हो जाता। साथ ही अभी तक भी पम्प कनेक्शन के लिए आवेदन नहीं किए गए थे। यानि सब चोरी से ही चल रहा था। इसके अलावा रूटीन बिल को लेकर भी नपा के जिम्मेदारों ने गंभीरता नहीं दिखाई।
14 चोरी के प्रकरण नपा के बनाए हैं
हमारी विजिलें टीमों ने 14 चोरी के प्रकरण बनाए हैं, नपा के ये ऐसे ट्यूबवेल हैं जो चोरी की बिजली से चल रहे थे। उन पर ३४ लाख रुपए बकाया है। 2.16 लाख स्ट्रीट लाइट के भी बकाया है, इसलिए हम उन्हें काट रहे हैं। रेग्युलर बिल में से 8 लाख सिर्फ वॉटर बॉक्स के जमा किए हैं। बाकि का बड़ा बकाया अभी तक नपा ने जमा नहीं किया है।
-धनेंद्र तिवारी, डीई, बिजली कंपनी,ब्यावरा
हमने केल्क्यूलेशन मांगा है
जो बकाया बताया जा रहा है उसका हमने केल्क्यूलेशन मांगा है। साथ ही जो चोरी के प्रकरण बने हैं उनमें कनेक्शन के लिए प्रोसेस स्टॉर्ट कर दी है। मुल्तानपुरा में बिजली कंपनी पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी पर हमारे 36 लाख बकाया है, जिन्हें हम समायोजित करवाएंगे। बचे हुए बकाया को लेकर भी हम जल्द निराकरण करवाएंगे।
-सुष्मा धाकड़, सीएमओ, नपा, ब्यावरा
Updated on:
24 Feb 2023 07:18 pm
Published on:
24 Feb 2023 07:18 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
