
SI इंदिरा को उत्कृष्ट विवेचना के लिए गृह मंत्रालय देगा मेडल, नाबालिग रेप पीडि़ता को दो महीने में दिलाया था न्याय
राजनांदगांव. बेटियों को त्वरित न्याय दिलाने में अपना अहम योगदान निभाने वाली कोतवाली थाने में पदस्थ इंदिरा वैष्णव को उनके उत्कृष्ट विवेचना के लिए गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा सम्मानित किया जाएगा। बेटियों के साथ होने वाले अपराध और दुष्कर्म जैसी वारदात में शामिल अपराधियों को सजा दिलाने और घटना की बेहतर ढंग से जांच कर पीडि़ता को त्वरित न्याय दिलाने के मामले में राज्य के तीन पुलिस अधिकारी कर्मचारियों को गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा उनकी उत्कृष्ट विवेचना के लिए सम्मानित किया जा रहा है। शहर कोतवाली थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर इंदिरा वैष्णव भी शामिल हैं।
दुष्कर्म पीडि़ता को दिलाया न्याय
जानकारी के अनुसार 13 जून वर्ष 2019 को जब सब इंस्पेक्टर इंदिरा वैष्णव डोंगरगांव थाने में पदस्थ थी तब उनके सामने एक दुष्कर्म का मामला आया जिसमें अपने बुआ के घर गई एक किशोरी और उसके चाचा की बेटी के घर लौटते समय अशोक देवांगन नामक आरोपी ने दोनों के साथ मारपीट करते हुए बारी-बारी से दुष्कर्म किया। रिपोर्ट के बाद सब इंस्पेक्टर इंदिरा वैष्णव ने आरोपी को गिरफ्तार किया और 2 महीने के भीतर ही मामले की बारीकियों से जांच कर कोर्ट में चालान पेश किया। दोष सिद्ध होने पर न्यायालय ने आरोपी को 20 वर्ष की सजा सुनाई। उनके इस कार्य के लिए गृह मंत्रालय द्वारा उत्कृष्ट विवेचना के लिए उन्हें मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा। उत्कृष्ट विवेचना के लिए मिल रहे इस सम्मान को लेकर सब इंस्पेक्टर इंदिरा वैष्णव ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया है।
प्रतिवर्ष गृहमंत्रालय देता है मेडल
उत्कृष्ट विवेचक के रूप में इंदिरा वैष्णव के सम्मानित होने पर अन्य पुलिस कर्मचारियों में भी हर्ष व्याप्त है। कोतवाली थाने के टीआई वीरेंद्र चतुर्वेदी ने इंदिरा वैष्णव को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सभी के लिए गर्व का विषय है। वहीं विवेचकों को उनका यह सम्मान इसी तरह बेहतर काम करने की प्रेरणा देगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा प्रतिवर्ष उत्कृष्ट विवेचना कार्य करने के लिए पुलिस अधिकारियों को मेडल प्रदान किया जाता है। छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस मुख्यालय की ओर से उत्कृष्ट विवेचना करने वाले पुलिस अधिकारियों का नाम भेजा गया था, जिसके तहत इंदिरा वैष्णव को इस सम्मान से नवाजा जाएगा।
Published on:
16 Aug 2021 12:51 pm
बड़ी खबरें
View Allराजनंदगांव
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
