
साल्हेवारा से सटे मध्यप्रदेश के लांजी में मुखबिरी की शक में ग्रामीण की हत्या
राजनांदगांव। Naxal Terror : विधानसभा चुनाव में व्यवधान पैदा करने नक्सली प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय हो गए हैं। खैरागढ़ थाना के साल्हेवारा से सटे मध्यप्रदेश के लांजी में नक्सलियों ने शुक्रवार को मुखबिरी की शक पर एक ग्रामीण आदिवासी की गोली मार कर हत्या कर दी है। नक्सलियों द्वारा मौके पर एक पर्चा भी फेंका गया है। जिसमें राजनांदगांव व गोंदिया बॉर्डर डिवीजन में मुखबिरी करने पर सजा देने की चेतावनी दी गई है। बॉर्डर क्षेत्र में ग्रामीण की हत्या बाद खैरागढ़ पुलिस और केन्द्रीय फोर्स की टीम ने क्षेत्र में सर्चिंग तेज कर दी है।
आधा दर्जन हथियार बंद नक्सली लांजी क्षेत्र के भक्कूटोला निवासी शंकर पंद्रे के घर पहट के 4 बजे पहुंचे थे। शंकर को उठा कर अपने साथ ले गए। सुबह शंकर की लाश गांव के पगडंडी रास्ते पर मिली। नक्सलियों ने शंकर की गोली मारकर हत्या की और शव को रास्ते में फेंक कर फरार हो गए।
मलाजखंड दलम के नक्सलियों की हाथ होने की आशंका
आदिवासी ग्रामीण की हत्या के बाद पुलिस अलर्ट हो गई है। बॉर्डर क्षेत्र में फोर्स की संख्या बढ़ाकर सर्चिंग तेज कर दी है। बालाघाट पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को ग्रामीण शंकर की हत्या मलाजखंड दलम के नक्सलियों द्वारा करने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद भक्कूटोला सहित लांजी क्षेत्र के नक्सल प्रभावित क्षेत्र के गांवों में दहशत का माहौल है।
साल्हेवारा क्षेत्र में सक्रिय है टाडा दलम संगठन
खैरागढ़ जिले के मध्यप्रदेश से सटे साल्हेवारा और बकरकट्टा क्षेत्र में लंबे समय से नक्सल संगठन टाण्डा दलम व प्लांटून नंबर 2 संगठन लंबे समय से सक्रिय हैं। दो दिन पहले सुरक्षा बलों बकरकट्टा क्षेत्र के कांशीबाहरा से लच्छनाझिरिया मार्ग पर टिफिन बम दबाकर रखा गया था। सर्चिंग में निकले सुरक्षा बलों ने सडक़ में दबा कर रखे 11 किलो वजन के टिफिन बम को कब्जे में लिया था। सुरक्षा बल व जिला पुलिस बल द्वारा लगातार नक्सल डंप और बम बरामद की जा रही है।
Published on:
4 Nov 2023, 4:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.