
राजनांदगांव. गायों की हत्या मामले में बुधवार को जोगी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अनूठा प्रदर्शन किया। जोगी कांग्रेस द्वारा सीएम के पुतले को गोबर से नहलाने की तैयारी की गई थी, लेकिन पुलिस ने पुतला को छीन लिया। इसके बाद पुलिस को चकमा देते हुए एक कार्यकर्ता ने मुख्यमंत्री का मुखौटा लगाया और उसे गोबर से नहला कर विरोध प्रदर्शन किया गया।
गौशालाओं में मवेशियों की मौत, जमकर नारेबाजी
जोगी कांग्रेस द्वारा दुर्ग जिले के गौशालाओं में मवेशियों के मौत मामले में जय स्तंभ चौक के पास राज्य की भाजपा सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की गई। कार्यकर्ता इस मामले में राज्य की भाजपा सरकार को दोषी ठहराते हुए गायों की रक्षा नहीं कर पाने का आरोप लगाए। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
गौ माता के चारा को का गए नेता
प्रदर्शन के दौरान जोगी कांग्रेस के शहर अध्यक्ष मेहूल मारु ने कहा कि राजापुर व गोड़मर्रा की गौशालाओं में 350 से अधिक गायों की भूख के कारण मौत हो गई है। उन्होने कहा कि इन गौशालाओं की निगरानी भाजपा के नेताओं द्वारा की जा रही थी, लेकिन नेता गौ माता के चारा के पैसे को हजम कर गए। इसकी वजह से भूख के कारण गायों की मौत हो गई। जोगी कांग्रेस ने इस मामले में सीएम व विभाग के मंत्री की इस्तीफे की मांग की है।
सीएम का मुखौटा लगाकर गोबर
प्रदर्शन के दौरान पुलता छीनने को लेकर कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर धक्का मुक्की भी हुई। पुलिस पुतला छीनने में सफल तो हो गई, लेकिन सीएम का मुखौटा लगाकर गोबर से नहलाने से नहीं रोक पाए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जोगी कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद थे।
इधर दुर्ग और बेमेतरा की गौशालाओं में सैकड़ों गायों की मौत के विरोध में कांग्रेसियों ने मंगलवार को पैदल मार्च निकाला। इस दौरान जिले के सभी बड़े कांग्रेसी नेता ५ गाय साथ लेकर राजस्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय और महिला बाल विकास मंत्री रमशीला साहू के बंगले जाने के लिए निकले। ग्लोब चौक पहुंचते ही पुलिस को देखकर वे लौट गए। कांग्रेसी खुद तो लौटे ही अपने साथ ५ गायों को भी सिटी कोतवाली लेकर गए।
Published on:
30 Aug 2017 03:38 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
