राजनांदगांव. एस्ट्रोटर्फ और स्विमिंग पूल में फैल रही गंदगी के मामले में जांच की मांग को लेकर हॉकी संघ से जुड़े पदाधिकारी और खिलाड़ी कलेक्टर से शिकायत करने की तैयारी में हैं। इधर इस संबंध में पत्रिका की खबर को लेकर खेल से जुड़े लोगों में चर्चा होती रही।
करीब तीन करोड़ रूपए की लागत से दस दिन पहले बनकर तैयार हुए स्विमिंग पूल और करोड़ों की लागत से बने एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में फैल रही गंदगी को लेकर पत्रिका के इन्वेस्टिगेशन रिपोर्ट के बाद हॉकी और खेल से जुड़े लोगों ने इन दोनों खेल परिसर को बचाने के लिए आगे आने की तैयारी शुरू कर दी है। टर्फ और अब स्विमिंग पूल को लेकर खिलाड़ी अलर्ट हो रहे हैं।
कलेक्टर से मिलेंगे
छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के महासचिव फिरोज अंसारी ने कहा कि लंबे समय से टर्फ में कालापन आ रहा था, जिसके कई कारण माने जा रहे थे लेकिन अब स्विमिंग पूल के पानी में तैर रही गंदगी को देखकर समझा जा सकता है कि आखिर टर्फ की गंदगी क्यों साफ नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि हॉकी संघ और खिलाड़ी इस संबंध में कलक्टर से चर्चा करेंगे और जिस वजह से टर्फ गंदा हो रहा है, उसे दूर करने की मांग करेंगे।
आज देखेंगे महापौर-कमिश्नर
इसी महीने ४ तारीख को नगर निगम ने मुख्यमंत्री के हाथों पूल का लोकार्पण कराया था। दस दिनों में ही इस पूल में गंदगी फैल जाने को लेकर महापौर मधुसूदन यादव और कमिश्नर अश्विनी देवांगन ने चिंता जताई है। महापौर यादव और कमिश्नर देवांगन ने कल गुरूवार को सुबह टर्फ का निरीक्षण करने की बात की है।