
धान खरीदी के लिए संसाधन जुटाने सोसाइटियों को नहीं मिली राशि
राजनांदगांव। CG Agriculture : खरीफ सीजन में हुए धान की उपज को सोसाइटियों के माध्यम से 1 नवंबर से खरीदी जाएगी। शासन-प्रशासन की ओर से इसकी तैयारी को लेकर नियम निर्धारण और नीति तैयार कर सोसाइटियों को निर्देशित किया जा चुका है, लेकिन तैयारी को लेकर पिछले साल की खरीदी के अुनसार 9 रुपए प्रति क्विंटल दी जाने वाली राशि अब तक सोसाइटियों को नहीं मिली है। साथ ही पिछले साल की कमीशन की राशि भी अब तक सोसाइटियों को अप्राप्त है। ऐसे में सहकारी सोसाइटी अपनी सेविंग राशि से खरीदी को लेकर तैयारी कर रहे हैं।
बता दें कि धान खरीदी के पहले ही सबसे ज्यादा तैयारी करनी पड़ती है। तैयारी में ही अधिक राशि खर्च करनी पड़ती है। फिलहाल सोसाइटियों में साफ-सफाई, सुरक्षा घेरा, बिजली-पानी व्यवस्था, नमी मापक मशीन की व्यवस्था, किलोबाट सत्यापन और ड्रेनेज बनाने का काम जारी है। बताया जा रहा है कि इस साल खरीदी शुरू होने से पहले ही सोसाइटियों मेें कट्टे का गठान पहुंचना शुरू हो गया है, लेकिन तैयारी को लेकर मिलने वाली राशि नहीं आने से सोसाइटी प्रबंधन को आर्थिक समस्याओं से जूझना पड़ रहा है।
नहीं बढ़ी हमालों की राशि
मिली जानकारी अनुसार लंबे समय से हमालों का मेहनताना भी नहीं बढ़ा है। सोसाइटियों को पिछले साल हुई खरीदी की कमीशन की राशि मार्कफेड से अब तक नहीं मिली है। साथ ही जीरो प्रतिशत शॉर्टेज लाने वाली समितियों को 5 प्रतिशत प्रोत्साहन राशि भी नहीं दी गई है। इस वजह से समिति द्वारा वहां काम करने वाले कर्मचारियों को वेतन भुगतान भी नहीं किया गया है और इधर फिर से धान खरीदी की तैयारी चल रही है।
रंग और छपाई में भी होता है खर्च
बता दें कि अविभाजित राजनांदगांव जिले में कुल १३९ सहकारी समिति है, जिसके माध्यम से किसानों की उपज की खरीदी की जाती है। सोसाटियों को मिलने वाली राशि से ही वहां कार्यरत कर्मचारियों को भुगतान किया जाता है। इसके लावा इसी राशि से ही बोरे में छपाई और सुतली का खर्च भी वहन किया जाता है।
Updated on:
21 Oct 2023, 11:16 AM IST
Published on:
21 Oct 2023, 11:16 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.