
शोर थमने से पहले लगाया जोर
राजनांदगांव। CG Election 2023: चुनाव प्रचार के आखिरी दिन भाजपा के लिए जहां यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजनांदगांव शहर में रोड शो कर सभा को संबोधित किया। वहीं कांग्रेस के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चार जगहों पर चुनावी सभा ली। रविवार शाम 5 बजे के बाद चुनावी शोर-गुल थम गया है। 7 नवंबर को मतदान होना है।
विधानसभा के पहले चरण में राजनांदगांव लोकसभा के आठ विधानसभा सीटों के लिए मतदान होना है। चुनाव प्रचार जोर-शोर से चल रहा था। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन भाजपा की ओर से स्टार प्रचारक के रूप में पहुंंचे यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने रोड-शो किया। इस दौरान राजनांदगांव विधानसभा के रूप में मैदान में उतरे पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह खुली जीप में मौजूद रहे। वहीं रोड-शो के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम जन मौजूद रहे।
लालू ने खाया चारा, कांग्रेस गोबर पचा गई- योगी
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ का रोड शो गुरुनानक चौक से शुरू होकर मानव मंदिर चौक होते हुए गंज तक पहुंची। इस दौरान जेसीबी के ऊपर चढक़र कार्यकर्ताओं ने यूपी के सीएम पर फूल बरसाए। जगह-जगह स्वागत हुआ। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। छत्तीसगढ़ को भगवान राम का ननिहाल बताते हुए आयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर के उद्घाटन में आने का न्योता दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बिहार का मुख्यमंत्री रहते हुए लालू यादव ने गाय-भैंस का चारा खाया था, लेकिन छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार उससे भी आगे निकल गई और गाय-भैंस का गोबर तक पचा गई। उन्होंने कहा कि घोटालों वाली, वादाखिलाफी करने वाली, भ्रष्टाचारी, माफियाओं को सरंक्षण देने वाली यह कांग्रेस सरकार छत्तीसगढ़ के अस्तित्व को मिटाने में लगी हुई है।
जेसीबी में चढक़र की पुष्प वर्षा
योगी आदित्यनाथ और डॉ. रमन सिंह के स्वागत में लोग एक ओर जहां अपने घरों से फूलों की वर्षा करते रहे तो वहीं यूपी के मुख्यमंत्री का शहर के कई स्थानों पर जेसीबी से पुष्प वर्षा कर स्वागत सत्कार किया।
छत्तीसगढ़ नहीं यूपी की चिंता करे योगी: भूपेश
आखिरी दिन सीएम भूपेश बघेल ने कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में चार जगहों पर चुनावी सभा को संबोधित किया। पहली सभा सुकुलदैहान में आयोजित हुई। इसके बाद एक निजी होटल में चुनावी घोषणा पत्र को मीडिया के सामने प्रस्तुत किया। फिर इसके बाद मोतीपुर, मोहड़ और ग्रामीण क्षेत्र टेड़ेसरा में आयोजित सभा में पहुंचे। सभी जगह घोषणा पत्र में किए वायदों को जनता के सामने रखते हुए भाजपा निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनांदगांव डॉ. रमन सिंह 15 साल तक मुख्यमंत्री रहे पर उन्होंने ने राजनांदगांव के विकास में ध्यान नहीं दिया। सडक़ें नहीं बनाई और अस्पताल में जरूरी सुविधाएं नहीं दे पाए। बघेल ने कहा कि कांगे्रस ने २०१८ के चुनाव के दौरान किए गए सभी वादों को निभाकर जनता का भरोसा जीता है। आने वाले समय में जनता का आशीर्वाद कांग्रेस को ही मिलेगा। कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी छत्तीसगढ़ की चिंता छोडक़र अपने प्रदेश की स्थिति देखें। कहा कि भाजपा गौ माता पर राजनीति करती है। यूपी में गौ माता सडक़ों पर नजर आती है। इनकी देखरेख नहीं करते जबकि छत्तीसगढ़ में गौठान बनाकर गौ माता की सेवा कर रहे हैं।
बाहरी नेताओं की हुई वापसी
चूंकि अब चुनावी प्रचार का शोर-गुल थम गया है। रविवार शाम 5 बजे तक बाहरी नेता, कार्यकर्ता और अन्य लोगों ने विधानसभा छोड़ दी है। ऐसे में अब प्रत्याशी, स्थानीय नेता और कार्यकर्ता सीधे वोटरों के घर पहुंचकर वोट के लिए अपील कर रहे हैं। वैैसे तो राजनांदगांव जिले के चार विधासभा सीटों में 81 प्रत्याशी मैदान में हैं, लेकिन सभी विस सीटों में भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशी के बीच ही सीधा मुकाबला माना जा रहा है।
Updated on:
06 Nov 2023 08:37 am
Published on:
06 Nov 2023 08:37 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
