अब देलवाड़ा होकर गुजरेंगी रोडवेज बसें
देलवाड़ा. फोरलेन बनने के बाद से बंद देलवाड़ा में रोडवेज बसों का संचालन शुरू करवाने का ग्रामीणों का आंदोलन रंग लाया है। बुधवार को रोडवेज के अधिकारियों ने इस समस्या का समाधान करते हुए लोगों को सभी बसें देलवाड़ा से होकर निकलने का आश्वासन दिया, गुरुवार को कुछ बसें भी कस्बे से होकर गुजरी, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। कस्बे के थाना परिसर में भीलवाड़ा डीपो मैनेजर सुधीर दीक्षित व राजसमन्द यातायात प्रबन्धक मनीष जोशी, थानाअधिकारी माधू सिंह सोलंकी के नेतृत्व में बैठक की। बैठक में वर्तमान व्यवस्था पर चर्चा की तथा भीलवाड़ा मैनेजर ने और बसें बढ़ाने की बात की। इस दौरान मैनेजर ने सभी बसें देलवाड़ा व कैलाशपुरी होकर जाने की बात कही। साथ ही टिकट खिडक़ी पर ही इन स्थानों की टिकट देने की व्यवस्था सुचारू करवाने का आश्वासन दिया। बैठक में सरपंच दिनेश पालीवाल, उपसरपंच छोटू लाल यादव, पूर्व सरपंच मांगीलाल कटारिया, पूर्व सरपंच रतन सिंह मौजदू थे।