
रामपुर: लॉक डाउन के बीच आज शहर के सिविल लाइन स्थित दिल्ली लखनऊ हाईवे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब बंद पड़ी फुट वियर शॉप में अचानक भीषण आग लग गयी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। मौके पर पहुंची दमकल और पुलिस ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। अग्निकांड में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फ़िलहाल आग के कारणों का पता नहीं चला है।
अचानक उठने लगा धुंआ
थाना सिविल लाइंस इलाके के पायल होटल रेस्टोरेंट के बराबर में बंद पड़ी फुटवियर की दुकान में अचानक से धुआं निकलना शुरू हुआ। धुएं की सूचना पर जब कोतवाली सिविल लाइन पुलिस मोके पर पहुंची तो उन्होंने तुरंत दमकल की टीम को बुला लिया। दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकान स्वामी परवेज ने बताया कि लॉकडाउन के चलते कई दिनों से दुकान बंद है। दुकान के आसपास कूड़ा है, शायद उसमें आग लगने से दुकान में आग पहुंच गयी। अभी नुकसान का अंदाजा नहीं लग सका है।
नहीं थी भीड़- भाड़
यहां बता दें कि लॉकडाउन के चलते यहां ज्यादा भीड़-भाड़ नहीं थी, जिस कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। दमकल विभाग ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Published on:
28 Mar 2020 08:05 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
