चुनाव में आजम खान को हराने का सपना देखने वाले विरोधी नेताओं का सपना टूटा हैं। चुनाव से पहले हाफिज अब्दुल सलाम, शफीक अहमद अंसारी समेत कई दिग्गजों ने कांग्रेस को अपना समर्थन दिया। कांग्रेस ने संजय कपूर को अपना प्रत्याशी बनाया था। लेकिन चुनाव में संजय कपूर अपनी जमानत नहीं बचा पाए। यहां तक की कांग्रेस प्रत्याशी अपने ही गांव गुजरैला बूथ से हार गए। आजम खान के विरोधी माने जाने वाले जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष हाफिज अब्दुल सलाम भी चुनाव से पहले कांग्रेस में शामिल हुए। लेकिन वोट दिलाने में कामयाब नहीं हो सके। हाफिज के गांव के 55 नंबर बूथ पर 65 वोट भाजपा को तो 119 वोट कांग्रेस को मिले। जबकि आजम खान को 279 वोट मिले।
वहीं बूथ नंबर 56 पर भाजपा को 49 और कांग्रेस को 118 मत मिले। आजम खान को इस बूथ पर 233 वोट मिले। आजम खान ने दोनों ही बूथ पर बढ़त हासिल की। इसके अलावा स्वार नगरपालिका अध्यक्ष शफीक अहमद अंसारी ने भी कांग्रेस को समर्थन दिया। स्वार में उनका अंसारी का अच्छा प्रभाव माना जाता है। लेकिन चुनाव में यह प्रभाव काम नहीं आया। उनके बूथ पर आजम को 617 वोट मिले। जबकि कांग्रेस और भाजपा महज 71-71 वोट पर सिमट गई।