
स्वार रोड मंडी समिति के पास खनन से भरा ओवरलोड ट्रक पकड़ने से रोकने कर कुछ माफियाओं ने नायब तहसीलदारों व उनकी टीम पर जानलेवा हमला कर दिया। इतना ही नहीं माफियाओं ने तहसीलदारों व उनकी टीम को दौड़ा कर पहले मारपीट की फिर उन पर फायरिंग भी की। जिसके बाद टीम जान बचाकर वहां से छिपकर निकली। पहले तो तहसील अधिकारी व कर्मचारी पूरे दिन मामले को दबाते रहे लेकिन जैसे ही मामला डीएम के संज्ञान में आया तो शनिवार रात नौ बजे घटना की तहरीर गंज कोतवाली पुलिस को दी गई।
मारपीट करते हुए तहसीलदार पर की फायरिंग
बता दें कि मामला शनिवार की सुबह का है। यहां नायब तहसीलदार संजय कुमार और नायब तहसीलदार शिव प्रकाश अपनी टीम समेत स्वार रोड पर सैंजनी नानकार के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने खनन के ट्रक को देखते हुए उसे रोकने का प्रयास किया। लेकिन ट्रक नहीं रुका। इस पर टीम ने ट्रक का पीछा किया और ट्रक को रोककर उसे तहसील लाने लगे। तभी वहां खनन के धंधेबाज कार से पहुंच गए और उन्होंने नायब तहसीलदार और टीम से मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं उन्होंने टीम पर फायरिंग की और ट्रक अपने साथ ले जाने लगे।
डीएम ने मामले में सख्ती बरतते हुए दिया ये आदेश
बताया जाता है कि जब टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दबंगों ने नायब तहसीलदारों और उनके दोनों ड्राइवर को पीट दिया। हमलावरों ने फायरिंग भी की। किसी तरह टीम जान बचाकर वहां से आ गई। पहले तो उन्होंने घटना को दबाने का प्रयास किया लेकिन बाद में घटना की जानकारी जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ को हो गई तो उन्होंने सख्ती बरती।
मारपीट व जानलेवा हमला करने में मुकदमा दर्ज
डीएम के आदेश के बाद नायब तहसीलदार संजय कुमार की ओर से तहरीर गंज कोतवाली में दी गई, जिसमें उन्होंने सोने की चेन लूटने का भी आरोप लगाया है। गंज कोतवाली प्रभारी रविंद्र प्रताप सिंह ने रात नौ बजे बताया कि मामले की तहरीर मिल गई है। हमलावरों पर मारपीट व जानलेवा हमला करने में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। वहीं डीएम ने कहा कि खनन माफिया के खिलाफ सालभर में 52 करोड़ का जुर्माना डाला गया है। जल्द कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
19 Jun 2022, 11:15 AM IST
Published on:
19 Jun 2022, 11:14 AM IST
बड़ी खबरें
View Allरामपुर
उत्तर प्रदेश
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.