
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
रामपुर। परिवार सहित जेल में सजा काट रहे समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और रामपुर सांसद आजम खान पर प्रशासन लगातार कार्रवाई करता जा रहा है। इस बीच अब उनके नाम का लगा शिलापट्ट भी हटा दिया गया है। जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में सुगबुगाहट का दौर शरु हो चुका है। दरअसल, रामपुर पालिका ने आगापुर तिराहे के सुंदरीकरण के बीच यहां लगा आजम खान के नाम का शिलापट्ट हटाकर डीएम के नाम का पत्थर लगा दिया है।
बता दें कि जिला प्रशासन द्वारा रामपुर जिले के सभी चौराहों का सुंदरीकरण नगर पालिका द्वारा कराया जा रहा है। इस क्रम में आगापुर तिराहे का सुंदरीकरण करने का जिम्मा पालिका और आरडीए को सौंपा गया है। आगापुर तिराहे पर पूर्व में राम रहीम चौक का नाम बदलकर अब सद्भावना चौक रखने की कवायद भी प्रशासन द्वारा की जा रही है। इस तिराहे पर रजा लाइब्रेरी की मीनारों की बड़ी तस्वीर लगाई गई है। यहां लाइटें भी लगाई जाएंगी, जिसका कार्य अभी लंबित है।
उधर, प्रशासन के आदेश पर पालिका ने यहां लगे सपा सांसद आजम खान के नाम के शिलापट्ट को हटाकर डीएम के नाम का शिलापट्ट लगा दिया गया है। इस शिलापट्ट पर पालिकाध्यक्ष फात्मा जबी, ईओ डा.इंदु शेखर मिश्रा व अपर जिलाधिकारी प्रशासन जेपी गुप्ता का भी नाम लिखा गया है। वहीं प्रशासन द्वारा इससे पहले सांसद आजम द्वारा गांधी समाधि पर बनवाए गए गेटों के नाम को बदला जा चुका है।
Published on:
14 Nov 2020, 12:11 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.