
उत्तर प्रदेश के रामपुर की जेल में अब कैदी फर्राटेदार इंग्लिश और फ्रैंच भाषा बोलते दिखेंगे। ऐसा इसलिए क्योंकि यहां कैदियों को इन दोनों भाषाओं का ज्ञान दिया जाएगा। दरअसल, जेल में कौशल विकास कार्यक्रम के तहत बंद कैदियों को इस कोर्स की सुविधा प्रदान की गई है। साथ ही कैदियों को प्रतियोगी परिक्षाओं की तैयारी करने का मौका भी दिया जाएगा। ऐसा जेल में बंद कैदियों को अपराध के रास्ते से हटाकर उन्हें हुनरमंद बनाने के लिए किया जाएगा। जिससे वह आत्मनिर्भर बन सकें।
कौशल विकास प्रशिक्षण के जरिए कार्यक्रम शुरू
बता दें कि जेल में बंद कैदियों के लिए कौशल विकास प्रशिक्षण के जरिए कई कार्यक्रम शुरू करने की तैयारी की गई है। इसी कड़ी में जिला कारागार में इंग्लिश और फ्रैंच भाषा को सिखाने का कार्यक्रम भी शुरू किया जा रहा है। इसके साथ ही कैदियों को प्रतियोगी परिक्षाओं की तैयारी करने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। शनिवार को व्हाइट हाल पब्लिक स्कूल और अपराध निरोधक कमेटी की तरफ से ये प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की गई है। कारागार अधीक्षक प्रशांत मौर्य के मुताबिक बंदियों के लिए प्रशिक्षण की सुविधा प्रदान की गई है।
सरकारी भर्तियों की कोचिंग भी कराई जाएगी
प्रशिक्षण के तहत पहले बैच में चालीस बंदियों को रखा गया है। इसके अलावा जेल में बैंकिंग और रेलवे समेत अन्य विभागों में सरकारी भर्तियों की कोचिंग भी कराई जाएगी। इसका मक सद यह है कि जेल से निकलने के बाद बंदी अपराध का रास्ता छोड़ें और रोजगार के अन्य साधन से जुड़ें। इस मौके पर प्रधानाचार्या डॉ. बसंत गुप्ता व अपराध निरोधक कमेटी के अध्यक्ष जीके पाठक आदि मौजूद रहे।
Published on:
18 Sept 2022 10:33 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
