
Rampur Murder: रामपुर में पानी का छींटा बना मौत का कारण! पत्रिका फाइल फोटो।
Rampur murder 12 hours temple dispute water splash: यूपी के रामपुर जिले के मिलक कोतवाली क्षेत्र में 12 घंटे के भीतर दो हत्याओं से इलाके में सनसनी फैल गई है। ताजा मामला बुधवार सुबह गांव क्योरार का है, जहां मंदिर की सफाई के दौरान पानी का छींटा पड़ने से शुरू हुआ मामूली विवाद जानलेवा साबित हो गया।
जानकारी के मुताबिक, गांव के बीच स्थित एक मंदिर को लेकर राम सिंह (55) और उनके पड़ोसी रामचरण के बीच लंबे समय से सीढ़ियों के निर्माण को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार सुबह राम सिंह मंदिर की सफाई कर रहे थे। इस दौरान पानी के छींटे पास में सो रहे रामचरण के ऊपर जा पड़े। इसी बात पर कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद इतना बढ़ा कि रामचरण के बेटे रामरक्षपाल और राजकुमार तथा बेटी विश्वंभरी मौके पर पहुंच गए। मृतक के परिजनों का आरोप है कि तीनों ने मिलकर लाठी-डंडों से राम सिंह की बेरहमी से पिटाई की। गंभीर रूप से घायल राम सिंह को इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना पर एसडीएम आनंद कुमार कनौजिया, सीओ राजवीर सिंह परिहार और कोतवाल धनंजय सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के पुत्र की तहरीर पर रामचरण के दोनों बेटों और बेटी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
गौर करने वाली बात है कि इस वारदात से लगभग 12 घंटे पहले भी मिलक कोतवाली क्षेत्र के तरव्वा गांव में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले में ग्राम परम का मझरा कल्याणपुर निवासी दलित ई-रिक्शा चालक जीतेन्द्र सवारी लेकर विक्रमपुर से मिलक आ रहा था। रास्ते में साइड लेने को लेकर बाइक सवार अभिषेक पांडे और अन्य लोगों से उसका विवाद हो गया।
मामला मारपीट तक पहुंचा, और बीचबचाव करने आए जीतेन्द्र के पिता भगवानदास को भी बुरी तरह पीटा गया। इलाज के दौरान भगवानदास ने दम तोड़ दिया।
लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र में तनाव और भय का माहौल है। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
Updated on:
6 Aug 2025, 7:41 PM IST
Published on:
6 Aug 2025, 7:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.