रामपुर. चुनाव ड्यूटी से लौटते समय सिपाही की राइफल से गोली चलने के बाद पुलिस ने उसकी राइफल को अपने कब्जे में कर लिया है। नोएडा में तैनात सिपाही से जुड़ी इस घटना की जानकारी अधिकारियों को दे दी गई है। जिस सिपाही की राइफल से गोली चली थी, वह वर्तमान में नोएडा में तैनात है। नैपाल सिंह नाम के इस सिपाही की ड्यूटी चुनाव में आजमगढ़ लगी थी। वह चुनाव ड्यूटी करने के बाद सोमवार को आजमगढ़ से नोएडा जा रहा था। बरेली तक वह ट्रेन से आया और वहां से बस में सवार हो गया। रामपुर पहुंचने पर सिविल लाइंस थाने के पास अचानक उसकी राइफल से गोली चल गई, जो बस के पीछे लगे शीशे को तोड़कर बाहर निकल गई। संयोग से गोली किसी यात्री या राहगीर को नहीं लगी, लेकिन गोली की आवाज से बस में दहशत फैल गई।