
accident
(पत्रिका ब्यूरो,रांची): झारखंड के रामगढ़ जिले के बासल थाना क्षेत्र के बलकुदरा गांव के निकट तेज गति से जा रही एक अनियंत्रित कार के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से उसमें सवार एक छात्रा और तीन छात्र की मौत हो गई, जबकि हादसे में एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया है। सभी मृतक 10वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थी थे।
घटना के संबंध में बताया गया है कि भुरकुंडा की ओर जा रही कार बलकुदरा गांव के निकट अनियंत्रित होकर डिवाइडर के पार दूसरी ओर चली गई और जोरदार आवाज के साथ पलट गई। इस दुर्घटना में कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में छात्रा सलोनी राज, छात्र राहुल कुमार, अमित कुमार और एक हर्ष कुमार शामिल है, जबकि गंभीर रूप से घायल की पहचान अभिषेक मिर्धा के रूप में की गई है। उसे पतरातु स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स में भर्त्ती कराया गया है।
बताया गया है कि सभी घुटुवा बरकाकाना के रहने वाले थे और यह माना जा रहा है कि वे लोग रविवार सुबह पतरातु डैम घूमने आए थे। हादसे के संबंध में सड़क पर सफाई कर रहे लोगों ने बताया कि सफेद रंग की कार तेज रफ्तार में आई और अचानक डिवाइडर से जा टकराई। टककर इतनी जबर्दस्त थी कि कार हवा में उछली और दूसरी ओर जाकर पलट गयी। घटनास्थल पर जुटे लोगों ने फौरन सभी कार सवार को बाहर निकाला और तत्काल सभी को स्थानीय अस्पताल में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार को मृत घोषित कर दिया, वहीं गंभीर रूप से घायल एक युवक को इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया है। बताया गया है कि हादसे में गंभीर रूप से घायल अभिषेक ही कार चला रहा था।
Published on:
19 Aug 2018 05:12 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
