
Banks unemployed distributed loan recovery
रतलाम। देशभर में आप एटीएम की कई प्रकार की शिकायत करते रहे हैं, लेकिन ये मामला थोड़ा अलग है। मध्यप्रदेश के मालवा क्षेत्र के नमकीन के लिए प्रसिद्ध शहर रतलाम में एटीएम से अलग प्रकार की समस्या उपभोक्ताओं को आ रही हैं। यहां एटीएम रंगबिरंगे नोट उगल रहे हैं। इससे परेशान उपभोक्ता हेल्पलाइन से लेकर बैंक के पास शिकायत लेकर जा रहे है, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा।
अवकाश के दिनों में एटीएम से नोट नहीं निकलने या नोट ही नहीं होने की शिकायत अब पुरानी हो गई है। ताजा मामले में कृषि उपज मंडी स्थित बैंक ऑफ बड़ोदा के एटीएम से रंगीन नोट निकलने के बाद जब उपभोक्ता ने हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज करवाना चाही तो कोई समाधान न हुआ। एेसे में अब उपभोक्ता इस बात को लेकर परेशान है कि रंगीन नोट कोई नहीं ले रहा है तो उसको एटीएम से राशि निकालकर भी लाभ नहीं हुआ।
फोन तक नहीं उठाया
एटीएम संचालक मोहम्मद इमरान ने बताया कि उन्होंने 14 अप्रैल की रात 11.45 बजे बाद जरुरत होने पर 10 हजार रुपए मंडी स्थित एटीएम से निकाले। इसमे 500-500 के नोट निकले। इन नोट में अधिकांश पर होली का रंग लगा हुआ था। इन रंग वाले नोट को न बाजार में लिया जाता है न बैंक वापस लेती है। तब उन्होने हेल्पलाइन नंबर पर इसकी शिकायत करना चाही तो कई बार लगाने के बाद भी किसी ने फोन न उठाया। एेसे में अब वे परेशान है कि क्या करें।
फटे नोट भी निकल रहे
उपभोक्ताओं के अनुसार एटीएम में से फटे हुए नोट भी निकल रहे है। इसके अलावा कुछ एटीएम में तो दो हजार रुपए से कम के नोट ही नहीं है। ये शिकायत दो दिन से कलेक्टर कार्यालय में लगे एसबीआई के एटीएम से आ रही है। इसके अलावा पैलेस रोड पर स्थित एसबीआई व यूको बैंक के एटीएम में तो रुपए ही समाप्त हो गए है। इन सब के बीच रेलवे स्टेशन पर जहां यात्रियों को सबसे अधिक जरुरत होती है, यात्रियों के लिए लगाए गए एटीएम में रुपए का ही अभाव है। इससे उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं।
पूर्व में भी आई है ये शिकायत
कुछ समय पूर्व भी इस प्रकार की शिकायत आई थी। तब बैंकों ने इस प्रकार के नोट बदले थे। उपभोक्ता को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। वे संबधित बैंक में नोट बदलवा सकते है।
- केके सक्सेना, लीड बैंक मैनेजर
Published on:
16 Apr 2018 07:02 am
