5 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

गुजरात से राजस्थान जा रहे जीएसटी अधिकारी की कार पलटी, 54.50 लाख नकद और भारी मात्रा में आभूषण मिले

GST Officer Car Accident: वापी से गंगानगर जा रहे अधिकारी, पत्नी और दोनों बेटे हादसे में जख्मी, दुर्घटनाग्रस्त कार से 54.50 लाख रुपए से अधिक की नकदी और आभूषण मिले।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

रतलाम

•

image

Gourishankar singh Jodha

•

Updated: 5 Nov 2026, 8:16 PM IST

Accident on the expressway from Vapi to Ganganagar

gst officer car overturns, दुर्घटनाग्रस्त कार (Source-Patrika)

Ratlam GST Officer Car Accident: मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में दीपोत्सव की खुशियां मनाने के लिए गुजरात के वापी से राजस्थान के गंगानगर अपने घर लौट रहा एक परिवार गुरुवार को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हादसे का शिकार हो गया। जावरा के समीप ग्राम नीमन-नागदी के बीच परिवार की कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि कार में सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। वाहन पलटते ही उसमें सवार जीएसटी विभाग के सुपरिंटेंडेंट, उनकी पत्नी और दोनों बच्चे घायल हो गए। एक्सप्रेस-वे पर दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इधर, दुर्घटनाग्रस्त कार की जांच के दौरान पुलिस को 54.50 लाख रुपए से अधिक की नकदी और आभूषण मिले। पुलिस ने इन्हें अपनी अभिरक्षा में ले लिया। एसपी अमित कुमार ने बताया, सभी नोट की गणना की है, गणना के अनुसार कुल 54.50 लाख रुपए अ​भिरक्षा में लिए गए है।

वापी से गंगानगर के लिए निकला था परिवार

जानकारी के अनुसार राजस्थान के गंगानगर निवासी प्रवीण पिता पूंजीलाल (40) गुजरात के वापी में जीएसटी विभाग में सुपरिंटेंडेंट के पद पर पदस्थ हैं। दीपोत्सव के अवसर पर परिवार के साथ घर पहुंचकर त्योहार मनाने के लिए उन्होंने यात्रा शुरू की थी। उनके साथ पत्नी संतोष (37) और दो बेटे आदित्य (10) तथा अथर्व (करीब 8 वर्ष) भी कार में सवार थे। परिवार निजी कार से वापी से राजस्थान के गंगानगर के लिए रवाना हुआ था। यात्रा के दौरान सब कुछ सामान्य था और परिवार घर पहुंचकर दीपोत्सव मनाने की तैयारी में था, लेकिन जावरा के समीप अचानक हुए हादसे ने परिवार की खुशियों को चिंता में बदल दिया।

नीमन-नागदी के बीच अचानक अनियंत्रित हुई कार

गुरुवार को परिवार की कार दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर जावरा क्षेत्र से गुजर रही थी। ग्राम नीमन-नागदी के बीच पहुंचने पर अचानक वाहन चालक का कार से नियंत्रण हट गया। इसके बाद कार सड़क पर पलट गई। वाहन के पलटते ही उसमें सवार परिवार के चारों सदस्य घायल हो गए। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। दुर्घटना देखकर आसपास से गुजर रहे लोगों ने मदद की और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पहुंची 112 की टीम

एक्सप्रेस-वे पर हादसे की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। सरसी चौकी प्रभारी अय्यूब खान भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। कार में फंसे और घायल परिवार के सदस्यों को बाहर निकालने के बाद उन्हें उपचार के लिए जावरा अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें आगे के उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हादसे में अधिकारी के साथ उनकी पत्नी और दोनों बच्चों के घायल होने से पुलिस और अस्पताल की टीम ने तत्काल उपचार की व्यवस्था की।

कार की जांच में मिले नकदी और आभूषण

हादसे के बाद औद्योगिक थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन की जांच की। इस दौरान कार में रखी नकदी और आभूषण सामने आए। पुलिस को वाहन से 54.50 लाख रुपए से अधिक की नकदी और आभूषण मिले। इतनी बड़ी राशि और कीमती सामान मिलने के बाद पुलिस ने इन्हें सुरक्षित रखने के लिए अपनी अभिरक्षा में ले लिया। औद्योगिक थाना प्रभारी सुमित मिश्रा ने नकदी और आभूषणों को पुलिस अभिरक्षा में लेने की कार्रवाई की। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है।

  • नकदी और आभूषणों की जानकारी जुटा रही पुलिस

एक्सप्रेस-वे पर हुए हादसे के बाद पुलिस के सामने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ दुर्घटनाग्रस्त वाहन में मिले सामान को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी भी थी। पुलिस ने नकदी और आभूषणों को अभिरक्षा में लेकर आवश्यक जानकारी जुटाना शुरू किया। परिवार वापी से गंगानगर जा रहा था और दीपोत्सव मनाने के लिए घर लौट रहा था। ऐसे में कार में रखी नकदी और आभूषणों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल हादसे में घायल परिवार के सदस्यों को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और वाहन में मिले सामान के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

हादसे का घटनाक्रम

  • यात्रा शुरू: गुजरात के वापी से राजस्थान के गंगानगर के लिए परिवार रवाना हुआ।
  • हादसा: जावरा के समीप नीमन-नागदी के बीच कार अनियंत्रित होकर पलटी।
  • चार घायल: जीएसटी अधिकारी, पत्नी और दोनों बेटे जख्मी हुए।
  • रेस्क्यू: 112 और सरसी चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
  • पुलिस कार्रवाई: कार से 54.50 लाख रुपए से अधिक की नकदी और आभूषण मिले, पुलिस अभिरक्षा में लिए गए।