5 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

आवासीय क्षेत्र में कारखाना, बदबू से रहवासी परेशान

रत्नेश्वर रोड गली नंबर तीन में चल रहे सेंव बनाने के कारखाने से रहवासी खासे परेशान हैं। नगर निगम को शिकायत की लेकिन सुनवाई नहीं होने से उनमें आक्रोश फैल रहा है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

रतलाम

•

image

Kamal Singh

•

Updated: 5 Nov 2026, 8:10 PM IST

ratlam news

परेशान होने के बाद एकत्रित रहवासी और पार्षद पति।

रतलाम. रहवासी क्षेत्र रत्नेश्वर रोड गली नंबर तीन में संचालित सेव एवं नमकीन निर्माण कारखाने से निकलने वाले धुएं और बदबू की वजह से गली नंबर तीन और चार के रहवासी लगातार परेशानी झेल रहे हैं। हालात यह है कि दिन-रात किसी भी समय लोगों को इस समस्या से छुटकारा नहीं मिल रहा है। रहवासियों ने नगर निगम के स्वास्थ्य अमले से भी इसे लेकर शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। उधर स्वास्थ्य अधिकारी राजेंद्रसिंह पंवार के अनुसार कारखाना संचालक को नोटिस जारी किया गया है। अभी उनका जवाब नहीं मिला है।

रहवासी क्षेत्र में नहीं हो सकते कारखाने

गाइड लाइन के अनुसार रहवासी क्षेत्र में कारखाने नहीं हो सकते हैं। खासकर धुआं और प्रदूषण फैलाने और बदबूदार वातावरण निर्मित करने वाले कारखाने लगाना प्रतिबंधित है। सेव-नमकीन के इस कारखाने में भट्टी का भी काफी उपयोग होना है जिससे विस्फोट होने या आग लगने की आशंका ज्यादा रहती है। इसलिए भी ऐसे कारखाने आवासीय क्षेत्र में लगाए जाना प्रतिबंधित है।

यह है समस्या की वजह

रहवासियों के अनुसार कारखाने से निकलने वाला यह धुआं आसपास के घरों में पहुंच रहा है। इससे घरों में रहना, भोजन करना तथा खिडक़ी-दरवाजे खोलना तक मुश्किल हो गया है। इस समस्या के कारण क्षेत्र के बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं एवं अन्य नागरिकों को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिलकुल पास के रहवासी इससे और ज्यादा परेशान हैं।

रहवासियों ने यह मांग की

- कारखाने का संबंधित प्रदूषण विभाग से तत्काल निरीक्षण करवाया जाए।

- कारखाने से निकलने वाले धुएं की गुणवत्ता एवं प्रदूषण स्तर की जांच करवाई जाए।

- यह सुनिश्चित किया जाए कि कारखाने में प्रदूषण नियंत्रण के निर्धारित मानकों का पालन हो रहा है या नहीं।

- आवश्यकतानुसार उचित चीमनी, फिल्टर, स्क्रबर एवं अन्य प्रदूषण नियंत्रण उपकरण लगवाए जाएं।

- क्षेत्रवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसे तुरंत ही इस क्षेत्र से हटाकर दूसरी जगह ले जाया जाए।

--

कई बार शिकायत की

कई बार कारखाने को लेकर रहवासियों ने शिकायत की। हमने अफसरों को बताया किंतु कार्रवाई नहीं हुई। रहवासी काफी समय से परेशानी झेल रहे हैं।

उमा रामचंद्र डोई, पार्षद

--

लंबे समय से समस्या

यह समस्या लंबे समय से रहवासी झेल रहे हैं। पतली सी गली में कारखाना चलाने से रहवासी परेशान हैं। इसे हटाया जाना चाहिए।

मंगल लोढ़ा, एल्डरमैन

--

बुजुर्गों को परेशानी

कारखाने से उठता धुआं और बदबू से घरों में रहना मुश्किल हो गया है। बुजुर्ग इससे काफी परेशान हैं। कई बुजुर्ग लोगों को श्वास की समस्या है।

दुर्गाबाई, रहवासी

--

हर समय रहती बदबू

कारखाने से निकलती बदबू हर समय घर में रहती है। बच्चों, बुजुर्गों और हम सभी का रहना मुश्किल हो गया। छोटेे-छोटे बच्चे भी इससे परेशान हो रहे हैं।

नीता राठौर, रहवासी

--

संचालक को नोटिस जारी किया गया

रहवासियों और पार्षद की शिकायत पर सेंव-नमकीन कारखाना संचालक को नोटिस जारी किया गया है। अभी संचालक की तरफ से जवाब नहीं दिया गया है।

राजेंद्रसिंह पंवार, स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम