
patrika
रतलाम. कांग्रेस चुनावी बढ़त बनाने के लिए अपने प्रत्याशियों का जल्द ऐलान करना चाहती है, लेकिन गुटों में बंटे नेता प्रत्याशी का चयन नहीं कर पा रहे है। दिल्ली में स्क्रीनिंग कमेटी लगातार दूसरे दिन मालवा के रतलाम सहित मंदसौर और नीमच में पहली सूची के प्रत्याशी के नामों पर मंथन करती रही। वहीं, रतलाम जिले मेें कांग्रेस की संगठनात्मक बैठकों में बाहरी और स्थानीय के मुद्दें पर लगातार विरोध मुखर रूप लेता जा रहा है। बैठक में रतलाम ग्रामीण विधानसभा से बाहरी प्रत्याशी का खुले तौर पर विरोध कर दिया। क्षेत्र से रतलाम के कांग्रेस सांसद कांतिलाल भूरिया के पुत्र डॉ. विक्रांत भूरिया का नाम भी दावेदारों में है और वे स्थानीय नहीं होकर झाबुआ जिले के निवासी है।
रतलाम जिले की 5 विधानसभाओं पर कांग्रेस अपने प्रत्याशी चयन के दौर से गुजर रही है। हाईप्रोफाइल मानी जाने वाली आलोट सहित सैलाना विधानसभा का नाम पहली सूची में आ सकता है। इसके लिए दिल्ली में स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में दो दिन से मंथन चल रहा है। शुक्रवार को भी कमेटी के सदस्यों और प्रदेश संगठन नेताओं के बीच चर्चा हुई। पहली सूची के बाद रतलाम ग्रामीण और जावरा विधानसभा का नाम चयन मंथन में आएगा, सबसे आखिरी में कांग्रेस शहरी विधानसभा के लिए प्रत्याशी को घोषित करेगी।
मूंदड़ी ब्लॉक के कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा
शुक्रवार को कांग्रेस के मूंदड़ी ब्लॉक की सरवानी जागीर में बैठक हुई। इस दौरान दावेदारों के नामों से प्रत्याशी चयन से पूर्व कार्यकर्ताओं ने बाहरी प्रत्याशी के विरोध में मोर्चा खोल दिया है। रतलाम ग्रामीण विधानसभा में कांग्रेस की ओर से आधा दर्जन बाहरी नाम चर्चा में चल रहे है। ऐसे में कार्यकर्ता टिकट वितरण के दौरान स्थानीय प्रत्याशी की मांग कर रहे है। ब्लॉक स्तरीय बैठक में बाहरी नहीं होने का प्रस्ताव भी पारित कर दिया गया। हालांकि जिला पर्यवेक्षक धीरूभाई पटेल, जिलाध्यक्ष राजेश भरावा, कैलाश पटेल, राजेश पुरोहित सहित अन्य ने कार्यकर्ताओं से संवाद किया।
4 विधानसभाओं में बाहरी प्रत्याशी का विरोध
जिले की रतलाम शहर, रतलाम ग्रामीण, जावरा और सैलाना में बाहरी प्रत्याशी का विरोध बड़े स्तर पर हो रहा है। हालांकि आलोट में भी कुछ नेता स्थानीय प्रत्याशी की मांग कर रहे है, लेकिन विरोध अन्य विधानसभाओं की अपेक्षा कम है। सबसे ज्यादा विरोध के स्वर रतलाम ग्रामीण और रतलाम शहर विधानसभाओं की बैठकों में सुनाई दे रहे है।
बैठक में कार्यकर्ताओं से चर्चा
मूंदड़ी ब्लॉक की बैठक में पर्यवेक्षक की मौजूदगी में सभी कार्यकर्ताओं से चर्चा की गई है। संगठन की गतिविधियों पर बात रखी गई, प्रत्याशी के संबंध में सभी के अपने अपने मत होते है, फैसला तो पार्टी स्तर पर ही लिया जाता है।
- राजेश भरावा, जिलाध्यक्ष रतलाम ग्रामीण कांग्रेस
Updated on:
13 Oct 2018 02:04 pm
Published on:
13 Oct 2018 02:04 pm
