4 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सीएम को खुश करने की तैयारी, प्रदर्शनी में दिखाएंगे विकास कार्य

मुख्यमंत्री जावरा दौरे को लेकर प्रशासन की तैयारियां जोरों पर

2 min read
Google source verification
patrika

रतलाम। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के जावरा दौरे को लेकर प्रशासन की तैयारियां जोरों पर चल रही है। इसे लेकर जावरा में प्रशासन विभिन्न शासकीय विभाग की जनकल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाएगा। इसके साथ ही सीएम द्वारा बीते 12 वर्षों के दौरान किए गए कार्यों के साथ उनसे लाभांवित होने वाले लाभार्थियों का लेखा-जोखा भी प्रदर्शित किया जाएगा।

जिले के 18 विभागों से जुड़ी जानकारियों का समावेश

प्रदर्शनी में जिले के 18 विभागों से जुड़ी जानकारियों का समावेश होगा। जावरा दौरा यानी 29 नवंबर को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चैहान के नेतृत्व में गठित प्रदेश सरकार अपने कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण करेगी। कलेक्टर के निर्देशानुसार सीईओ जनपद, सामाजिक न्याय विभाग व जिला पंचायत कार्यालयों द्वारा अन्त्योदय मेले का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें राज्य शासन के विभिन्न विभाग जावरा व पिपलोदा विकासखंड की हितग्राही मूलक योजनाओं से संबद्ध लाभार्थियों के आवेदनों का मौके पर निराकरण कर उन्हें स्वीकृति पत्रक व प्रमाण- पत्र वितरित करेंगे। वहीं नि:शक्तजनों को ट्राईसाइकिल वितरण कर ऋण प्रकरणों का तत्काल निराकरण होगा।

मौके पर होगा परेशानियों का हल
मुख्य रूप से मेले में सामाजिक न्याय, लोक सेवा केंद्र, स्वास्थ्य एवं कृषि तथा उद्यानिकी विभाग की सहभागिता रहेगी। इसके लिए कलेक्टर के निर्देशानुसार जावरा व पिपलौदा विकासखंड को तीन-तीन लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। कलेक्टर ने निगम आयुक्त को हितग्राहियों को भवन निर्माण के लिए सीधे लाभ पंहुचाने प्रदान करने वाली बीएलसी, युवा स्वरोजगार व मुख्यमंत्री आश्रय योजनाओं के लाभार्थियों को आयोजन स्थल पर पंहुचने के लिए आवश्यक बंदोबस्त के निर्देश दिए है।

आज होगी रिहर्सल
सीएम के कार्यक्रम स्थल पर संबंधित विभागों की तैयारी के रिहर्सल के लिए मंगलवार शाम 4 बजे का समय तय किया है। शासकीय योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को पट्टा वितरण करेंगे। उपसंचालक, पशुपालन विभाग को पशु औषधालयों की संख्या, उनकी लागत व लाभांवितों की सूची तैयार किए जाने के भी निर्देश दिए है, जिसका उपयोग शासकीय विभागों द्वारा आयोजित प्रदर्शनी में किया जाएगा। हेलीपेड, एयर स्ट्रिप के निर्माण, यातायात व पार्किंग की व्यवस्थाओं के लिए भी उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।

वीआईपी सुरक्षा को लेकर पुलिस ने तैयार किया मैप
सीएम के २९ नवंबर के आगमन को लेकर सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस व प्रशासन ने व्यवस्था में जुट कर कार्यक्रम की तैयारी पूर्ण कर ली है। करीब साढे पांच सौ पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में होंगे तैनात। वहीं पुलिस मुख्यालय से भी पुलिसबल मांगा गया है। इतना ही नहीं बाहर से भी पुलिस अधिकारी सुरक्षा में तैनात होंगे।
सीएम की सुरक्षा को लेकर होगी सख्ती
सीएम सुरक्षा को लेकर सख्ती बरती जाएगी। आमजन से अनुरोध है कि वह वीआईपी प्रवेश से जबरन घुसने का प्रयास नहीं करें। वहीं सीएम डी घेरे के पास किसी की भी आवाजाही नहीं रहेगी। जो लिस्ट बनाई गई है, उन्हीं लोगों को वीआईपी द्वार से प्रवेश मिलेगा। - राजेश सहाय, एएसपी रतलाम।

यह रहेंगे पार्किग स्थल
पार्किंग स्थल नं. 1 - रतलाम की ओर से आने वाली गाडियो की पार्किंग पाटीदार धर्मशाला पर रहेगी ।
पार्किंग स्थल नं. 2 - मंदसौर ओर से आने वाली गाडियो की पार्किंग कडपा पेट्रोल पम्प पर रहेगी। साथ ही ताल जावरा रोड से आने वाली गाडियो की पार्किंग भी कडपा पेट्रोल पम्प पर रहेगी।
पार्किंग स्थल नं. 3 - पिपलौदा जावरा रोड से आने वाली गाडियो की पार्किंग ओल्ड आईल रिफ ायनरी पर रहेगी ।
पार्किंग स्थल नं. 4 - न्यू धानमंडी रोड से स्टेषन रोड से आने वाली गाडियो की पार्किंग जावरा क्लब फुटबाल ग्राउण्ड पर रहेगी।