
रतलाम। बंजली के समीप तैयार हो रहे स्वशासी मेडिकल कॉलेज को पानी की निर्बाध और पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम से संकेत मिल चुके हैं। पानी मिलने के स्पष्ट संकेत मिलने के बाद अब मेडिकल कॉलेज निर्माण एजेंसी मप्र सड़क विकास प्राधिकरण (एमपीआरडीसी) ने चामुंडा चौराहा से मेडिकल कॉलेज तक पाइप लाइन बिछाने का कार्य शुरू कर दिया है। इसकी शुरुआत एमपीआरडीसी ने मेडिकल कॉलेज की तरफ से की है और अब यह बरवड़ हनुमानमंदिर तक पहुंच चुकी है। अधिकारियों का मानना है कि अगले सप्ताह तक पाइप लाइन का कार्य चामुंडा चौराहे तक पूरा कर लिया जाएगा।
तीन किमी लंबी पाइप लाइन
चामुंडा चौराहा से मेडिकल कॉलेज तक 3200 मीटर यानि करीब तीन किलोमीटर पाइप लाइन बिछाई जाना है। इसके लिए एमपीआरडीसी ने कुछ माह पहले ही प्रक्रिया शुरू की थी। टेंडर होने के बाद यह काम पिछले सप्ताह ही शुरू किया गया है। एमपीआरडीसी के उपमहाप्रबंधक आरके सोलिया के अनुसार यह काम अगले सप्ताह तक पूरा कर लिया जाएगा। पाइप लाइन डालने के कार्य का नगर निगम के इंजीनियर सुपरविजन कर रहे हैं।
आठ लाख लीटर पानी
मेडिकल कॉलेज से चामुंडा चौराहे तक डाली जा रही करीब तीन किलोमीटर लंबी पाइप लाइन के जरिये एमपीआरडीसी आठ लाख लीटर पानी हर दिन मेडिकल कॉलेज के लिए नगर निगम से लेगा। इसके लिए निगम से जो दरें तय मानी जा रही है उसके अनुसार निगम जिस दर से रेलवे को पानी दे रहा है उसी दर से एमपीआरडीसी को भी मेडिकल कॉलेज के लिए पानी की उपलब्धता कराई जाएगी। स्टोरेज के लिए कॉलेज परिसर में टैंक भी बनाया है।
-----------
कार्य शुरू कर दिया गया
मेडिकल कॉलेज में पानी की आपूर्ति के लिए निगम से आठ लाख लीटर पानी हर दिन लिया जाएगा। इसके लिए हम अपने स्तर पर पाइप लाइन डाल रहे हैं। पाइप लाइन डालने के कार्य का सुपरविजन नगर निगम के अधिकारी कर रहे हैं। काम आधा हो चुका है और बचा हुआ काम भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
आरके सोलिया, उपमहाप्रबंधक, एमपीआरडीसी
सोमवार तक आ सकते हैं मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर
शहर के सरकारी मेडिकल कॉलेज के लिए प्रोफेसरों और सहायक प्रोफेसरों की नियुक्ति को लेकर साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी हो गई है। इसके बाद इन्हें नियुक्ति आदेश भी देते हुए ज्वाइन करवा लिया गया है। अब ये प्रोफेसर और सहायक प्रोफेसर सोमवार तक रतलाम आकर जिला अस्पताल में अपनी उपस्थिति दर्ज करवा सकते हैं। सूत्र बताते हैं कि अन्य पदों के लिए भी साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है किंतु इनके परिणाम जारी नहीं हुए हैं। सूत्र बताते हैं कि जिनके चयन और नियुक्ति के आदेश जारी हो चुके हैं उनमें से प्रोफेसर और सहायक प्रोफेसर सोमवार तक जिला अस्पताल पहुंचने की संभावना बढ़ गई है।
सभी के आने की तैयारी
जितने डॉक्टरों के साक्षात्कार हुए हैं उनमेंं से ज्यादातर के आने की तैयारी हो चुकी है। इस संकेत से तय हो गया है कि अब रतलाम के मेडिकल कॉलेज में अगले सत्र से निश्चित रूप से पढ़ाई शुरू हो जाएगी। सूत्र बताते हैं कि सीनियर और जूनियर रेजिडेंड डॉक्टरों के साक्षात्कार की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है और वे भी जल्द ही रतलाम आ सकते हैं। मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. संजय दीक्षित बताते हैं कि जैसे-जैसे प्रक्रिया पूरी होती जा रही है वैसे-वैसे डॉक्टरों की नियुक्ति हो रही है। संभवत: सोमवार को चयनीत और नियुक्त किए गए सभी डॉक्टर जिला अस्पताल पहुंच सकते हैं।
Updated on:
5 Apr 2018, 10:58 AM IST
Published on:
5 Apr 2018, 10:49 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.