
Hariyali Teej 2025 Shubh Tithi फोटो सोर्स – Freepik
Hariyali Teej 2025 Auspicious Yog: धार्मिक मान्यता और ज्योतिषीय गणना के अनुसार, हरियाली तीज 2025 इस बार बेहद खास रहने वाली है, क्योंकि इस पर्व पर दो अत्यंत शुभ योगों का संगम हो रहा है। ज्योतिषाचार्य के अनुसार, इस वर्ष हरियाली तीज पर “महालक्ष्मी राजयोग” और रवि योग का निर्माण हो रहा है, जो विशेष रूप से तीन राशियों मेष, मिथुन और सिंह की महिला जातकों के लिए अत्यंत शुभ परिणाम लेकर आएगा। सावन शुक्ल तृतीया को मनाया जाने वाला हरियाली तीज नारी सशक्तिकरण, सौभाग्य, और दांपत्य प्रेम का प्रतीक पर्व है।
यह व्रत मुख्यतः विवाहित स्त्रियों द्वारा पति की लंबी आयु और अविवाहित कन्याओं द्वारा मनचाहे वर की प्राप्ति हेतु रखा जाता है। लेकिन इस बार ज्योतिषीय दृष्टिकोण से यह दिन और भी विशेष बन गया है। ज्योतिषाचार्या एवं टैरो कार्ड रीडर नीतिका शर्मा ने बन रहे इन दोनों शुभ योगों के बारे में विस्तार से बताया है। आइए जानते हैं तिथि और शुभ मुहूर्त से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण जानकारी।
हरियाली तीज, जिसे श्रावणी तीज भी कहा जाता है, इस वर्ष 27 जुलाई को मनाई जाएगी। यह पर्व मुख्य रूप से सुहागिन महिलाओं द्वारा अपने पति की दीर्घायु और सुखमय वैवाहिक जीवन के लिए मनाया जाता है।
ज्योतिषाचार्या एवं टैरो कार्ड रीडर नीतिका शर्मा के अनुसार, इस वर्ष हरियाली तीज की तिथि श्रावण शुक्ल पक्ष की तृतीया को पड़ रही है। यह तिथि 26 जुलाई की रात 10:41 मिनट से शुरू होकर 27 जुलाई की रात 10:41 मिनट तक रहेगी। चूंकि हिन्दू पंचांग के अनुसार व्रत और पर्व उदया तिथि के आधार पर मनाए जाते हैं, इसलिए हरियाली तीज 27 जुलाई को मनाई जाएगी।
इस वर्ष हरियाली तीज पर 27 जुलाई की शाम 4:23 बजे से 28 जुलाई की सुबह 5:40 बजे तक 'रवि योग' बन रहा है। यह योग पूजा-पाठ, व्रत और दान के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। महिलाएं इस समय भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा कर व्रत का लाभ ले सकती हैं।
इस वर्ष हरियाली तीज के अवसर पर एक अत्यंत शुभ योग बन रहा है, जिसे 'महालक्ष्मी राजयोग' कहा जाता है। 26 जुलाई 2025 को दोपहर 3:51 बजे चंद्रमा का गोचर सिंह राशि में होगा, जहां पहले से स्थित मंगल ग्रह के साथ उसकी युति बनेगी। चंद्रमा और मंगल की यह युति मिलकर महालक्ष्मी राजयोग का निर्माण करेगी, जिसे धन, समृद्धि और शुभ फल देने वाला योग माना जाता है।
मेष राशि की महिलाओं के लिए यह हरियाली तीज बेहद शुभ रहने वाली है। विशेषकर अविवाहित कन्याओं को विवाह के अच्छे प्रस्ताव मिलने की संभावना है। भगवान शिव और माता पार्वती की कृपा से विवाह में आ रही रुकावटें दूर हो सकती हैं। इस समय मंगल की मजबूत स्थिति आपके आत्मविश्वास को बढ़ाएगी, जिससे आप अपने विचारों को स्पष्ट रूप से व्यक्त कर सकेंगी। जो महिलाएं नया व्यवसाय या कोई साझेदारी में काम शुरू करना चाहती हैं, उनके लिए समय अनुकूल है। साथ ही, सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि और कार्यक्षेत्र में सफलता मिलने के भी योग हैं।
मिथुन राशि की महिलाओं के लिए यह तीज संबंधों को बेहतर बनाने और आर्थिक सुधार लाने का अवसर बन सकती है। पति-पत्नी के बीच यदि कोई तनाव चल रहा है, तो वह कम हो सकता है और आपसी समझ बढ़ेगी। मानसिक स्थिति में सुधार आने से आत्मबल में भी वृद्धि होगी। पुराने निवेश से लाभ मिलने या अचानक धन प्राप्ति के योग हैं, जो आर्थिक स्थिरता प्रदान करेंगे। जीवनशैली में सुख-सुविधाएं और भौतिक संपन्नता बढ़ सकती है। खासकर जो महिलाएं फैशन, ब्यूटी या रचनात्मक क्षेत्र में कार्यरत हैं, उन्हें व्यापारिक लाभ के अच्छे मौके मिल सकते हैं।
सिंह राशि की महिलाओं के लिए यह तीज बेहद फलदायी साबित हो सकती है क्योंकि इस राशि में चंद्रमा और मंगल की युति हो रही है। जो महिलाएं करियर में बदलाव चाहती हैं या नई नौकरी की तलाश में हैं, उन्हें सकारात्मक अवसर प्राप्त हो सकते हैं। समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा और सामाजिक प्रतिष्ठा मजबूत होगी। अविवाहित महिलाओं को विवाह के लिए अच्छे प्रस्ताव मिल सकते हैं, और योग्य जीवनसाथी मिलने की संभावना भी अधिक रहेगी। वैवाहिक जीवन में संतुलन बना रहेगा और दांपत्य में प्रेम और सहयोग बढ़ेगा। इस समय आपके व्यक्तित्व में आत्मविश्वास और आकर्षण का विशेष प्रभाव देखने को मिलेगा, जिससे पारिवारिक और सामाजिक जीवन में आपकी भूमिका प्रभावशाली बन सकती है।
Updated on:
26 Jul 2025 12:55 pm
Published on:
26 Jul 2025 12:55 pm
बड़ी खबरें
View Allधर्म और अध्यात्म
धर्म/ज्योतिष
ट्रेंडिंग
