
इन पेड़ों की रोजाना पूजा मानी जाती है शुभ, सुख-सौभाग्य में वृद्धि की है मान्यता
पेड़-पौधों से ना केवल हमें ऑक्सीजन बल्कि जीवन के लिए आवश्यक बहुत सी औषधियां, फल, फूल आदि मिलते हैं। हमारे आसपास मौजूद पेड़-पौधे हमारे जीवन को और बेहतर तथा सरल बनाते हैं। वहीं धार्मिक शास्त्रों में भी कुछ पेड़ पौधों को बहुत पूजनीय माना गया है। माना जाता है कि इन पेड़ों की नियमित पूजा से देवी-देवता प्रसन्न होकर जीवन में सुख-सौभाग्य का आशीर्वाद देते हैं। तो आइए जानते हैं पेड़ों की नियमित पूजा शुभ मानी गई है...
बरगद का पेड़
धार्मिक शास्त्रों के अनुसार मान्यता है कि बरगद के पेड़ में तीनों देवों ब्रह्मा, विष्णु और शिव का वास होता है। माना जाता है कि नियमित रूप से बरगद के पेड़ की पूजा करने से जीवन में आने वाले कष्टों से मुक्ति मिलती है। वहीं पति की लंबी आयु और संतान सुख के लिए भी बरगद के पेड़ की पूजा करना शुभ माना जाता है।
पीपल का पेड़
कहा जाता है कि पीपल का पेड़ 24 घंटे ऑक्सीजन प्रदान करता है। लेकिन केवल स्वास्थ्य की दृष्टि से ही पीपल का पेड़ फायदेमंद नहीं होता बल्कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार पीपल के पेड़ की पूजा से पितरों का आशीर्वाद प्राप्त होता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार हर शनिवार को पीपल के पेड़ के पास दीपक जलाने से कुंडली में शनि ग्रह को मजबूती मिलती है और शनि देव की कृपा से जीवन में सुख-सौभाग्य बना रहता है।
शमी का पेड़
धार्मिक शास्त्रों में शमी के पेड़ का संबंध शनि ग्रह से बताया गया है। साथ ही मान्यता है कि रोजाना शाम को तिल के तेल का दीपक शमी के पेड़ के नीचे जलाने से व्यापार और धन में बरकत होती है। इसके अलावा ज्योतिष शास्त्र के अनुसार हर शनिवार के दिन शमी के पेड़ के नीचे सरसों के तेल का दीपक जलाना भी बहुत शुभ माना जाता है। ऐसा करने से शनिदेव की कृपा आप पर बनी रहती है और शनि के कष्टों से भी राहत मिलती है।
(डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई सूचनाएं सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है। patrika.com इनकी पुष्टि नहीं करता है। किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ की सलाह ले लें।)
यह भी पढ़ें: अंकज्योतिष से अपनी खोई हुई वस्तु का लगा सकते हैं पता, अपनाएं ये तरीका
Updated on:
5 Jul 2022, 10:50 AM IST
Published on:
5 Jul 2022, 10:50 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.